Child Rape Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के अकबरपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, सात साल के नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाली पांच साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लड़की के मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ली है।
16 सितंबर को हुआ था मामला
अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पांडे ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बृहस्पतिवार यानि 21 सितंबर को बताया कि अकबरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार (16 सितंबर) को पांच साल की एक बच्ची खेलने के लिए बाहर गई थी। तभी पड़ोस में रहने वाले सात साल के एक लड़के ने उसके साथ बलात्कार किया।
लड़की ने सुनाई मां को आपबीती
उन्होंने बताया कि लड़की ने घर पहुंचकर मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद लड़की के कपड़ों में खून देखकर मां लड़की के साथ अकबरपुर थाने पहुंची और उसकी तहरीर पर रविवार (17 सितंबर) को लड़के के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 376 ए बी (12 साल से कम उम्र की लड़की से बलात्कार) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पांडे ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बुधवार को पीड़ित लड़की और आरोपी लड़के की मेडिकल जांच की गई, लेकिन रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। हालांकि आगे उन्होंने कहा कि, 'हम मामले को बहुत सावधानी से संभाल रहे हैं और किशोर अपराधी के साथ उचित व्यवहार कर रहे हैं क्योंकि वह सिर्फ सात साल का है।'
(भाषा इनपुट के साथ)
