Shiva Sharma Case: लखनऊ के पॉश इलाके हजरतगंज में हाल ही में जो हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है। अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध हालात में नीचे गिरकर जान गंवाने वाले 28 साल के कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत अब एक साधारण हादसा नहीं, बल्कि एक उलझी हुई मर्डर मिस्ट्री बन चुकी है।
इस मामले में अब KGMU (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) से जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट (Shiva Sharma Post Mortem Report) सामने आई है, उसने इस पूरी घटना को लेकर कई डरावने सवाल खड़े कर दिए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या खुलासे हुए?
सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, शिवा शर्मा के शरीर पर कुल 11 बाहरी चोटें थीं। उनके कंधे, बांह, पीठ, कमर, दोनों पैरों, कोहनी, हाथ, कूल्हे और एड़ी पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ये सभी चोटें मौत से पहले की थीं और किसी कठोर या खुरदरी सतह से टकराने की वजह से आई थीं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि शिवा के दोनों फेफड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और उनके आसपास करीब 700 मिलीलीटर खून से भरा तरल मिला। इतना ही नहीं, पेट की गुहा (Abdominal Cavity) में डेढ़ लीटर खून जमा था, और उनका लिवर व तिल्ली भी फट चुके थे। रीढ़ की हड्डी के पास हेमेटोमा और दाहिनी तरफ की पेल्विक हड्डी में भी फ्रैक्चर मिला है। साफ है कि मौत से पहले शिवा को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया था।
लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे पर शक की सुई
सूत्रों की मानें तो शिवा पिछले चार महीनों से मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना के बाद से ही श्रद्धा और उसके करीबी गायब हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा के नेपाल या विदेश भागने की पूरी आशंका है, जिसके चलते देश के सभी एयरपोर्ट्स पर उसकी और उसकी बहन की तस्वीरें भेजकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस को श्रद्धा की कॉल डिटेल्स से भी कुछ बेहद अहम सुराग मिले हैं।
परिवार के आरोप और पुलिस की कार्रवाई
शुरुआत में पुलिस इस पूरे मामले को एक एक्सीडेंट मान रही थी, लेकिन शिवा की मां और परिवार वालों ने साफ आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे साजिश के तहत प्रताड़ित किया गया। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 9 अक्टूबर की उस रात अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर असल में क्या हुआ था, और शिवा को अस्पताल पहुंचाने वाले लोग कौन थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, और जल्द ही इस खौफनाक राज से पूरी तरह पर्दा उठने की उम्मीद है।
