अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के बीच भारत में LPG संकट ने दस्तक दी है। हालांकि, सरकार की तरफ से LPG की कमी नहीं होने की बात कही गई है, लेकिन तमाम शहरों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि लोगों को कई दिनों तक गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। लोग तड़के से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं, ताकि एक सिलेंडर मिल जाए। LPG Crisis की खबरों के बीच लोगों ने इंडक्शन और इंफ्रारेड चूल्हे भी खरीद लिए हैं। अगर आपके शहर में ही भी LPG सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो रही है तो यह खबर आपको कुछ हद तक राहत दे सकती है। इसके साथ ही उम्मीद और दुआ करें कि LPG ATM आपके शहर और इलाके में भी लग जाए। ताकि आपको भी 2 मिनट में खाली सिलेंडर देकर नया भरा हुआ LPG सिलेंडर मिल जाए।
ये अनोखा ATM है, LPG सिलेंडर देता है
कहां लगा LPG का ATM
दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहर गुरुग्राम में यह LPG का ATM लगाया गया है। अगर आप गुरुग्राम में रहते हैं तो यह आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। दरअसल गुरुग्राम में एक स्मार्ट वेंडिंग मशीन लगाई गई है, जो सिर्फ 2 से 3 मिनट में ही लाइटवेट गैस सिलेंडर उपलब्ध करा देती है। यह मशीन गुरुग्राम के सेक्टर 33, सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली में लगाई गई है। भारतगैस इंस्टा LPG मशीन को यहां लगाने का मकसद है कि स्थानीय लोगों को बिना किसी रोकटोक के ऑटोमैटिक तरीके से LPG सिलेंडर मिल सके।
लाइटवेट कम्पोजिट सिलेंडर निकल रहा ATM से
गुरुग्राम में लगी इस वेंडिंग मशीन से हल्के कम्पोजिट LPG सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है। यह सिलेंडर धातु के पारंपरिक सिलेंडरों के मुकाबले काफी हल्के होने के साथ ही इन्हें हैंडल करना भी आसान होता है। जहां पारंपरिक धातु के सिलेंडर का 14 किलो गैस के साथ वजन 31 किलोग्राम होता है। वहीं फाइबर आधारित इन कम्पोजिट सिलेंडर का वजन 14 किलो LPG के साथ सिर्फ 15 किलो होता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इन कम्पोजिट सिलेंडर की बॉडी ट्रांसपेरेंट होती है और ग्राहक सिलेंडर को उठाए और हिलाए बिना ही देख सकते हैं कि उसमें कितनी गैस है।
पूरी तरह से ऑटोमैटिक है रिफिल प्रोसेस
इस स्मार्ट मशीन के जरिए सिलेंडर रिफिल का प्रोसेस पूरी तरह से ऑटोमैटिक है। जिन ग्राहकों के पास भारतगैस का कम्पोजिट सिलेंडर कनेक्शन है, वह इस वेंडिंग मशीन का इस्तेमाल करके गैस सिलेंडर ले सकते हैं। पूरा प्रोसेस इस तरह है -
- सबसे पहले मशीन में अपना रजिस्टर्ड मोबाइन नंबर दर्ज करें
- आपके नंबर पर आए OTP की मदद से अपना मोबाइल नंबर को वेरिफाई करें
- अब खाली सिलेंडर पर मौजूद बारकोड या QR कोड को स्कैन करें
- यूपीआई या डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करके पेमेंट करें
- पूरी तरह से डिजिटल वेरिफिकेशन होने के बाद मशीन आपके खाली सिलेंडर को अपने पास रखकर आपको एक भरा हुआ सिलेंडर देगी।
खत्म होने से पहले गैस एजेंसी को मैसेज
गुरुग्राम में लगी इस LPG ATM में एक समय में 10 सिलेंडर रखने की क्षमता है। जैसे ही मशीन में मात्र 2 सिलेंडर रह जाते हैं, वैसे ही नजदीकी एजेंसी को एक मैसेज चला जाता है। इस मशीन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ग्राहक चौबीसों घंटे, सातों दिन, कभी भी LPG सिलेंडर हासिल कर सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मशीन के लग जाने से जीवन आसान हो गया है।
