शहर

Kedarnath News: आसान नहीं केदारनाथ यात्रा! पहाड़ से हाईवे पर पहुंच रहे भारी बोल्डर; मनकुटिया में लैंडस्लाइड से राजमार्ग बंद

मनकुटिया के पास पहाड़ से भारी बोल्डर और लैंडस्लाइड से केदारनाथ-सोनप्रयाग राजमार्ग पर यात्रा बाधित हो रही है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान जंगल के रास्ते पैदल मार्ग से तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित निकाल रहे हैं।

Image

मनकुटिया में लैंडस्लाइड

केदारनाथ : उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। बाढ़ और लैंडस्लाइड से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। खासकर, केदारनाथ यात्रा पर इसका विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। क्योंकि, मुनकटिया पर बार-बार पहाड़ी से बोल्डर और मलवा राजमार्ग पर पहुंच रहा है, जिसके बाद उसे आवाजाही के लिए बंद करना पड़ रहा है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान जंगल के रास्ते पैदल मार्ग से तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित निकाल रहे हैं।

केदारनाथ से सोनप्रयाग लौट रहे तीर्थ यात्रियों के फंसे होने की आशंका के बीच उनका रेस्क्यू किया जा रहा है। मुनकटिया में रास्ता साफ होने के बाद यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ भेजे जा रहे हैं। आपको बता दें कि पिछले एक सप्ताह से मनकुटिया राजमार्ग पर लैंडस्लाइड से हालात खराब हैं, जिससे केदारनाथ यात्रा पर बार-बार अड़टने आ रही हैं।

उधर, केदारनाथ हाईवे पर काकड़ा गाड़ के आसपास यात्रा कठिन साबित हो रही है। यहां पर भी ऊपरी पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिस कारण यहां भी बार-बार राजमार्ग बाधित हो रहा है। इस स्थान पर भी लगातार खतरा बना हुआ है। देश-विदेश से केदारनाथ यात्रा पर आ रहे श्रद्धालु एवं स्थानीय जनता काकड़ा गाड़ में जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर है।

कैसे पहुंचे केदारनाथ धाम

जानकारी के मुताबिक, मार्ग के दुरुस्त होने के बाद यात्री सोनप्रयाग से मुनकटिया स्लाइडिंग जोन से होते हुए गौरीकुण्ड तक पैदल चलकर जायेंगे। 6 किमी. का अतिरिक्त पैदल सफर सहित करीबन 24 किमी. का पैदल ट्रैक करेंगे। बारिश के कारण गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम तक का सम्पूर्ण पैदल मार्ग चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। लिहाजा, प्रशासन ने केदारनाथ धाम आ रहे श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम विभाग के पूर्वानुमान के हिसाब से अपनी यात्रा प्लान करें और पुलिस प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के क्रम में अपनी यात्रा करें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article