Kota Building Collapse: राजस्थान के कोटा में शनिवार को अचानक एक तीन मंजिला इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इस मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। हादसे के तत्काल बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
कब हुआ हादसा?
इस इमारत के अंदर एक रेस्त्रां चल रहा था। शनिवार की रात करीब 9 बजे जब रेस्त्रां में कर्मचारी और कुछ ग्राहक मौजूद तभी अचानक इमारत भरभराकर गिर गई। इस मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि रेस्त्रां में 12 से 15 लोग मौजूद थे।
राहत एवं बचाव अभियान जारी
हादसे से तत्काल बाद पुलिस एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और बिना किसी देरी के राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक 7 लोगों को मलबे से निकाकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
अचानक कैसे गिरी इमारत?
शनिवार की रात को करीब 9 बजे ब्लास्ट की आवाज आई और इमारत गिर गई। बताया जा रहा है कि इमारत के पीछे की एक अन्य इमारत में कई दिनों से काम चल रहा है। रोजाना ड्रिल मशीन और हथौड़े चलते हैं, जिसकी वजह से पूरी इमारत में वाइब्रेशन हो रहा था। टाइम्स नाउ नवभारत इसकी पुष्टि नहीं करता है।
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय विधायक संदीप शर्मा पहुंचे, जो इमारत में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताते हैं। उन्होंने कहा, ''बचाव अभियान जारी है। कुछ लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कुछ अन्य के अब भी फंसे होने की आशंका है।''
'बचाओ-बचाओ की आ रही थीं आवाजें'
तलवंडी इलाके में अचानक तीन मंजिला इमारत गिरने की वजह से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अंदर से बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थीं। दोपहर में इस इमारत के पास वाली इमारत में जेसीबी चली थी, हो सकता है उसी वजह से ये हादसा हुआ हो।
