शहर

Ghaziabad Encounter: खोड़ा डबल मर्डर केस में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, मुठभेड़ में दोनों घायल

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में भोजनालय में दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान दोनों आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं। आरोपियों के पास से हथियार और चोरी की बाइक बरामद हुई है।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक भोजनालय में चाकू मारकर दो युवकों की हत्या के मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उन्हें पकड़ा है। इस दौरान दोनों आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपियों की पहचान भोजनालय पर काम करने वाले राजन और सचिन के रूप में हुई। ये दोनों बदायूं जिले के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने दो ग्राहकों की हत्या और एक अन्य को घायल करने में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि को इंदिरापुरम के अंडरपास के निकट वाहनों की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखे जिन्हें वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन वे नहर की ओर भागने लगे। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि पीछा किए जाने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों की तरफ गोलीबारी की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। बाद में उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

होटल में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, तीन कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गाजियाबाद में एक भोजनालय में मामूली विवाद के बाद दो युवकों की कथित तौर पर चाकू से हमलाकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था। यह घटना उस समय हुई जब दोनों गुट नशे की हालत में थे और खाना परोसने में देरी को लेकर उनके बीच तीखी बहस हो गई थी।

होटल मालिक रविवार को हुआ गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि खाना परोसने में देरी पर युवकों का भोजनालय के कर्मचारियों से झगड़ा हो गया और आरोप है कि युवकों में से एक ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तीनों युवक पीछे की गली में चले गए, जहां होटल मालिक धर्मेंद्र और उसके चार कर्मचारियों ने कथित तौर पर लाठियों और रसोई के चाकुओं से उन पर हमला कर दिया। ट्रांस हिंडन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निमिष पाटिल ने बताया था कि मृतकों की पहचान श्रीपाल (25) और सत्यम (26) के रूप में हुई है। दोनों बहराइच जिले के निवासी थे और खोड़ा की नेहरू विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस के अनुसार, इससे पहले रविवार को होटल मालिक धर्मेंद्र को ऑटो स्टैंड से उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा था।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article