उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मलाका हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मलाका हाईवे पर भीषण सड़क हादसा
तेज रफ्तार पिकअप अचानक हुई अनियंत्रित
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र में हुई। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप मलाका हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - पुलिसिया रौब दिखाकर अपहरण, यमुना एक्सप्रेसवे पर घुमाकर वसूले 29 लाख रुपये; हफ्ते भर बाद FIR दर्ज
पुलिस ने सरकारी गाड़ी से मरीजों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने पुलिस टीम के साथ राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने अपनी सरकारी गाड़ी से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi News: 63 साल से बंद ट्राम फिर से चलाने की तैयारी, क्या फिर बिछेंगी सड़कों पर पटरी?
मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल 20 से अधिक लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
