कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में रविवार को थट्टे हक्कलू नदी में बड़ा हादसा हो गया, जहां एक ही परिवार के 11 लोगों डूबने से मौत हो गई। मृतकों में सात महिलाएं शामिल हैं। वहीं एक अन्य शख्स अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग सीपियां इकट्ठा करने गए थे, इसी दौरान गहरे पानी में जाने से यह हादसा हो गया। घटनास्थल पर लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया है।
सीपियां इकट्ठा करने की पारंपरिक गतिविधि
पुलिस के अनुसार, शिराली गांव के करीब 14 लोग पारंपरिक रूप से नदी में सीपियां इकट्ठा करने के लिए उतरे थे। इस गतिविधि को नदी तटों और तटीय इलाकों में रहने वाले स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका का एक हिस्सा माना जाता है। लेकिन नदी में पानी का स्तर बढ़ने और उसकी गहराई का सही अनुमान न लग पाने के कारण यह हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर बहने के लगे, जिन्हें बचाने के लिए अन्य लोग भी नदी में कूद पड़े। लेकिन हालात और बिगड़ गए और कई लोग नदी की तेज धारा में बह गए।
हादसे में दो लोगों को बचाया गया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटनास्थल से अब तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। जिसके लिए बचाव दल, पुलिस और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में बचाए गए दो लोगों की पहचान नागरत्ना और महादेवी के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण नदी का बहाव अचानक तेज हो गया था, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान उमेश मंजूनाथ नाइक (40), लक्ष्मी महादेव नाइक (42), लक्ष्मी जट्टप्पा नाइक (30), लक्ष्मी अपन्ना नाइक (60), लक्ष्मी शिवराम नाइक (49), ज्योति मस्तम्मा नाइक (34), मालती नाइक (38) और मस्तम्मा नाइक (60) सहित अन्य के रूप में हुई है, जो भटकल तालुक के शिराली गांव के निवासी थे।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने एक पोस्ट में इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने भी हादसे पर दुख जताया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
