कानपुर

कानपुर के मूलगंज में बड़ा हादसा; दो स्कूटरों में धमाके से 6 गंभीर रूप से घायल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर मौजूद

कानपुर के मूलगंज इलाके में शाम करीब 7.15 बजे दो स्कूटी में अचानक विस्फोट हुआ, जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है।

Image

कानपुर के मूलगंज में 2 स्कूटरों में हुआ धमाका

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kanpur Mulgunj Scooter Explosion: कानपुर के मूलगंज इलाके में दो स्कूटी में हुए अचानक विस्फोट के बाद करीब 6 लोग लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है, ताकि विस्फोट के कारणों का सही पता लगाया जा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों का कहना है कि यह विस्फोट एक घर में रखे सिलेंडर के फटने से हुआ, जबकि कुछ अन्य का कहना है कि स्कूटी विस्फोट के बाद पास की पटाखों की दुकान में आग लग गई, जिससे कई लोग झुलस गए।

घायलों में एक महिला भी शामिल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुवर लाल और संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट कमिश्नर) आशुतोष कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। जॉइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार इलाके में आज शाम करीब 7.15 बजे दो स्कूटी में ब्लास्ट हुआ। इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

धमाके से मचा इलाके में हड़कंप

कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि विस्फोट में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आयुक्त ने कहा कि घटना की जांच आतंकवाद और पटाखा विस्फोट सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। उन्होंने बताया कि चूंकि दिवाली नजदीक है, इसलिए संभावना है कि यह पटाखों से जुड़ा विस्फोट हो, हालांकि किसी भी पहलू को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा रहा है। स्थानीय दुकानदार मोहम्मद उवैस ने बताया कि वे दुकान के अंदर बैठे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे कुछ दुकानों का सामान सड़क पर बिखर गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article