Kanpur Weather News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में सोमवार (24 अप्रैल, 2023) को जबदस्त बारिश हुई। दोपहर के वक्त जब मौसम बना था तब शहर के कई हिस्सों में रात जैसा अंधियारा छा गया था। फिर झमामझ बारिश हुई और कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई। इस दौरान क्रिकेट बॉल के आकार वाले ओले भी गिरे। रोचक बात है कि जहां-जहां अंधेरा छा गया था, उन इलाकों में दोपहर के वक्त लोगों को अपने वाहनों की लाइट्स ऑन करनी पड़ी थीं।
आजाद नगर में रहने वाले कारोबारी विभोर गुप्ता ने टाइम्स नाऊ नवभारत को फोन पर बताया, "शहर में हम लोग धूप-गर्मी और लू से परेशान थे। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। मौसम दोपहर पौने तीन बजे के आस-पास बना था। आसमान में अंधेरा इस कदर छा गया था कि मानो घंटाघट इलाके के इस समय रात के लगभग आठ बज गए हों, जबकि यशोदा नगर के आगे कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे। बारिश तेज थी और शाम करीब चार बजे तक हल्की-फुल्की बूंदा-बांदी होती रही।
इस बीच, आशुतोष पांडे ने टि्वटर पर (@Iashutoshp हैंडल से) लिखा- आज हमने अपने शहर कानपुर में शिमला वाला आनंद ले लिया। तेज बारिश के साथ बर्फ (ओला) भी गिरी, लेकिन साथ ही यह बहुत दुख की बात है कि इस बारिश का किसानों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।
वैसे, मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि यूपी की राजधानी लखनऊ और उससे सटे कानपुर समेत 15 शहरों में 28 अप्रैल तक कुछ ऐसा ही मौसम रहेगा। दरअसल, आईएमडी ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और कहा है कि इन जिलों में तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि समूचे सूबे में पांच दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
