शहर

Kanpur Accident: आखिर कौन चला रहा था लैंबॉर्गिनी, जिसने 6 को रौंदा; शिवम के वकील के दावे से केस में नया ट्विस्ट

कानपुर के पॉश इलाके में तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार से हुआ हादसा शहर में सनसनी का विषय बन गया है। लैंबॉर्गिनी की टक्कर से सड़क पर चल रहे कई लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अब इस मामले में कार कौन चला रहा था, इसे लेकर वकील और पुलिस के दावों में टकराव सामने आया है।

Kanpur Lamborghini Accident (Photo: ANI)

वकील के बयान से कानपुर हादसे मामले में नया मोड़ (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बड़ा हादसा सामने आया है। कथित तौर पर एक तंबाकू व्यवसायी के बेटे द्वारा चलाई जा रही लैंबॉर्गिनी ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया, जिससे छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा का नाम फिलहाल प्राथमिकी में नहीं है, लेकिन उन्हें जांच प्रक्रिया में शामिल किया गया है। यह दर्दनाक दुर्घटना रविवार को शहर के पॉश इलाके ग्वालटोली स्थित वीआईपी रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार ने सबसे पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार करीब दस फुट तक उछल गया। चश्मदीदों ने बताया कि कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूरी तक घसीटती हुई ले गई। अंत में वाहन एक बिजली के खंभे से टकराने के बाद जाकर रुका। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

क्या है वकील का दावा?

इसी बीच, इस केस में एक नया मोड़ आया है, जहां आरोपी शिवम मिश्रा के वकील मृत्युंजय सिंह ने दावा किया है कि हादसे के समय कार शिवम मिश्रा नहीं बल्कि उनका ड्राइवर चला रहा था। वहीं पुलिस कमिश्नर का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शिवम मिश्रा के वाहन चलाने की बात सामने आई है। इस मामले में दुर्घटना की एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इसे लेकर सोमवार को न्यायालय में सुनवाई प्रस्तावित है। इसके साथ ही, ग्वालटोली पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज को लापरवाही के फर्स्ट फेस सबूत के कारण पुलिस कमिश्नर ने पुलिस लाइन्स भेज दिया है। हाल फिलहाल की जानकारी के अनुसार, शिवम मिश्रा की मेडिकल जांच भी कराई जाएगी।

मामले की जांच जारी

पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि फिलहाल इस घटना के संबंध में किसी भी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। यह पूछे जाने पर कि दुर्घटना के वक्त चालक नशे की हालत में था या नहीं, डीसीपी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जा सकेगा। पुलिस के मुताबिक, हादसे की पूरी कड़ी को समझने और उस समय वाहन की रफ्तार का आकलन करने के लिए आसपास की दुकानों, चौराहों और रिहायशी इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

मैकेनिकल जांच के लिए भेजी गई कार

पुलिस घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि काले रंग की लैंबॉर्गिनी कार को जब्त कर लिया गया है और उसे मैकेनिकल जांच के लिए भेजा गया है। ग्वालटोली थाने के प्रभारी संतोष गौर ने बताया कि गंभीर रूप से घायल चमनगंज निवासी तौफीक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मामला लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों को चोट पहुंचाने से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच के दौरान शिवम मिश्रा का नाम सामने आया है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

तंबाकू कंपनी के मालिक का बेटा

आरोपी शिवम मिश्रा के पिता के.के. मिश्रा ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के मालिक हैं। यह कंपनी इलाके में गुटखा बनाने वाली इकाइयों को तंबाकू की आपूर्ति करती है। अधिकारियों के अनुसार, मार्च 2024 में मिश्रा परिवार आयकर विभाग की जांच के घेरे में आया था। उस दौरान दिल्ली और कानपुर स्थित कई ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, जहां से लग्जरी वाहन और लगभग 4.5 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई थी। छापों के दौरान जब्त की गई गाड़ियों में रोल्स-रॉयस फैंटम, मैकलेरन, पोर्श और रविवार की दुर्घटना में शामिल काली लैंबॉर्गिनी रेवुएल्टो भी शामिल थी। इनमें से कई कारों पर “4018” नंबर की विशेष नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसके अलावा भारी मात्रा में आभूषण और महंगी घड़ियां भी जब्त की गई थीं।

पुलिस ने संभाले हालात

पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह दुर्घटना रेव-3 मॉल के पास हुई। आरोप है कि कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा द्वारा चलाई जा रही लग्जरी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े लोगों व कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग गुस्से में मौके पर जमा हो गए और कार को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ के डर से चालक वाहन से बाहर नहीं निकल सका। लोगों का आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद बाउंसर ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और अभद्रता की, जिससे हालात और बिगड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, चालक को बाहर निकालकर अपने साथ ले गई और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त लैंबॉर्गिनी को जब्त कर थाने ले जाया गया है। पीड़ितों और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि थाने में आरोपी के साथियों ने दुर्व्यवहार किया और उनका कहना है कि आरोपी के परिवार के कथित प्रभाव के चलते पुलिस नरमी बरत रही है। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। घायलों में शामिल सोनू त्रिपाठी ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल के पास खड़े थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि उनके चचेरे भाई जमीन पर गिर पड़े, जबकि दो अन्य लोग उछलकर फुटपाथ पर जा गिरे। सोनू त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में शिकायत दर्ज करा दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

मनीष यादव
मनीष यादव author

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम... और देखें

End of Article