Kanpur News: कानपुर में बैंक कर्मी आस्था सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो 'मैं ठाकुर हूं' को लेकर अपना पक्ष रखा है। आस्था ने टाइम्स नाउ नवभारत की टीम को बताया कि वीडियो में उनके बयान का सिर्फ एक हिस्सा दिखाया गया है। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड है। उन्होंने बताया कि बैंक की एक महिला कर्मी ऋतु की बहन से हल्की बहस हुई थी, लेकिन बाद में मामला सामान्य हो गया था। बाद में ऋतु के पति ने बैंक में आकर उनसे जाति पूछी और अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद उन्होंने प्रतिक्रिया दी। आस्था ने इसे आत्मसम्मान का मामला बताते हुए शिकायत करने की भी बात कही। इससे पहले आस्था ने एक वीडियो जारी कर मामले में सफाई देते हुए कहा था कि लोग सिर्फ एक पक्ष की बातें सुन रहे हैं, जबकि हकीकत कुछ और ही है।
6 जनवरी का है वीडियो
आस्था ने बताया कि वायरल वीडियो 6 जनवरी का है। इस वीडियो को लेकर आस्था ने स्पष्ट किया है वे किसी कस्टमर के साथ बहस नहीं कर रही हैं, बल्कि यह विवाद बैंक में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के पति के साथ हुआ था। आस्था के अनुसार संबंधित महिला कर्मचारी ने इस्तीफा दिया था। जिसके बाद उसने तुरंत रिलीव होने की मांग की थी। महिला की ननद भी उस दिन सुबह से बैंक में मौजूद थी, जिसके साथ उनकी बहस हुई थी।
आस्था ने बताया पूरा मामला
आस्था ने बताया कि शाम को करीब 4:30 बजे महिला कर्मचारी का पति भी बैंक पहुंच गया। जहां वह उसके साथ अभद्रता करने लगा। आस्था का आरोप है कि शख्स ने उनसे उनकी जाति पूछी और धमकी देते हुए कहा कि “तुम्हारी हैकड़ी निकाल दूंगा।” उन्होंने कहा कि इस वीडियो को गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है। आस्था ने कहा, मैं मानती हूं कि मेरे कुछ शब्द गलत हो सकते हैं, मुझे सार्वजनिक सेवा में अपने शब्दों का चयन सोच-समझकर करना चाहिए। लेकिन अगर कोई उन्हें इस तरह धमकाएगा, तो वह बर्दाश्त नहीं करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि,"मैं अपने बयान पर कायम हूं, मैं ठाकुर हूं और मुझे इस बात को लेकर गर्व है।”
