Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): दिल्ली-एनसीआर में कल यानी 29 जून को मानसून पहुंचने की घोषणा हो गई। मौसम विभाग ने पहले भविष्यवाणी की थी कि इस बार 19 से 25 जून के बीच मानसून दिल्ली पहुंच सकता है। लेकिन मानसून ने दिल्ली-एनसीआर के लोगों को खूब छकाया और इंतजार भी करवाया। आखिरकार मानसून दिल्ली-एनसीआर को भिगो रहा है और लोगों ने मानसून आने के बाद चैन की सांस ली है। कल यानी मंगलवार से जुलाई का महीना शुरू होने जा रहा है। ऐसे में आप यह जानना चाहेंगे कि कल मौसम की चाल कैसी रहेगी। बारिश होगी या नहीं होगी। उमस का क्या हाल रहेगा और ऐसा ही कुछ आप आने वाले दिनों के बारे में भी जानना चाहेंगे। तो चलिए जानते हैं कल का मौसम।
कल का मौसम, देशभर में कल भी जारी रहेगी मानसूनी बारिश
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटे में देश के खासतौर पर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हुई है। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के पठारी इलाके में 18 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के मवाना में भी 24 घंटे के दौरान 18 सेमी बारिश हुई है। इसी तरह उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मौजूद देवप्रयाग में 17 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यही नहीं हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार में भी एक-दो स्थानों पर बहुत भारी बारिश का दौर देखने को मिला। गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, अंडमान द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय के विभिन्न इलाकों में भी भारी बारिश का प्रभाव देखने को मिला।
कैसा रहेगा मौसम
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले 6-7 दिनों के दौरान सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहेगी। यानी झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा। इसलिए घर से बाहर जा रहे हों तो छाता या रेनकोट लेकर ही निकलें।
उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। IMD का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में उत्तराखंड में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
यहां बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्से, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यही नहीं, अगले 24 घंटे के लिए कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अन्य सभी क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण तट और तटीय कर्नाटक के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की अनुमान जताया गया है।
कल कैसा रहेगा मौसम
कल यानी 1 जुलाई को उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बिहार में भारी से लेकर बहुत बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, उत्तर अंदरूनी कर्नाटक, कोंकण, उत्तर-पूर्वी राज्यों, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश हो सकती है।
परसों का मौसम कैसा रहेगा
बुधवार 2 जून को उत्तर पूर्व के कुछ राज्यों, बिहार, ओडिशा, गुजरात का सौराष्ट्र इलाका, तटीय महाराष्ट्र और कोंकण में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार तक उत्तर भारत में बहुत भारी बारिश का दौर खत्म हो जाएगा। हालांकि, भारी बारिश का येलो अलर्ट बुधवार के लिए भी जारी किया गया है।
