Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम के लिहाज से आने वाले दिन काफी राहत देने वाले हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत ठंडक के साथ होने संभावना व्यक्त की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इधर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में भी आंधी के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। अगर, बारिश की बूंदें जमीन तक पहुंचती हैं तो गर्मी से खासी राहत की उम्मीद है। स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण के राज्यों में मानसूनी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्री मानसून के असर से अगले एक महीने तक दक्षिणी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, पश्चिमी क्षेत्र महाराष्ट्र और गुजरात में लू सताएगी।
कल का मौसम
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 26 °C | 38 °C |
| मुंबई | 27 °C | 32 °C |
| लखनऊ | 24 °C | 35 °C |
| पटना | 24 °C | 28 °C |
| भोपाल | 23 °C | 40 °C |
| जयपुर | 28 °C | 41 °C |
| देहरादून | 19 °C | 32 °C |
| शिमला | 12 °C | 27 °C |
| कश्मीर | 7 °C | 20 °C |
| पहलगाम | 1 °C | 13 °C |
यूपी कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ मौसम का मिजाज थोड़ा नर्म रहेगा। 5 मई तक प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी रह सकता है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बादलों के छाए रहने के साथ आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है। अगले 24 घंटे के दौरान लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तापमान के गिरने की संभावना है। पूर्वी यूपी के अधिकतर जिलों में बादलों के गरजने, बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी से राहत की उम्मीद है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार में अगले 5 दिन मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पूर्वी बिहार और तराई क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 3 मई तक बारिश जारी रहेगी। आईएमडी के मुताबिक, कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना व्यक्त की जा रही है। राज्य के खगड़िया, लखीसराय, मुंगेरस बांका, जमुई, शेखपुरा, औरंगाबाद, गया, नवादा, रोहतास, कैमूर, भागलपुर, मधुबनी, नालंदा, पटना, दरभंगा, शिवहर, सीतामढ़ी पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में पिछले एक दो दिन से थोड़ी नर्मी है। तेज हवाओं के साथ बदली छाए रहने से गर्मी से थोड़ी राहत है। आईएमडी के मुताबिक, मौसम बदलने का अनुमान है। आईएमडी ने आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश तथा आंधी आने का अनुमान जताया है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार तक दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और शाम के समय गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। गुरुवार और शुक्रवार को गरज के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आएगी। आईएमडी ने मंगलवार, शुक्रवार और शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है, जिसमें 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाओं के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। कमोबेश यही हालात पड़ोसी राज्य के नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में देखने को मिलेंगे। यहां भी अगले 4 से 5 दिन बादलों की आवाजाही के साथ बौछारें गिर सकती है, जिससे गर्मी से मामूली राहत रहेगी।
राजस्थान में कैसा है मौसम
राजस्थान में गर्मी से हालत खराब है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान बाड़मेर में 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने 30 अप्रैल तक राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भाग में कहीं-कहीं लू चलने का अनुमान जताया है, जबकि मई के पहले हफ्ते में पूर्वी हवाएं प्रभावी होने व एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंधी एवं बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने तथा तापमान में कमी होने से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में गरज चमक से साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अगर, पूर्वानुमान सही साबित होता है तो लगातार बढ़ तापमान पर थोड़ा सा ब्रेक लगेगा।
कब आएगा प्री मॉनसून?
मध्य भारत के कुछ भागों में मई में प्री मॉनसून के संकेत मिल रहे हैं। इनमें कर्नाटक, बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, तेलंगाना और पूर्वी भारत में प्री मॉनसून एक्टिव हो सकता है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि इस साल जून से सितंबर तक चलने वाले चार महीने के मानसून सीजन में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। प्री मानसून के दौरान आंधी-तूफान का खतरा बढ़ जाता है। तूफानों के साथ 500 किलोमीटर तक बादल यात्रा कर सकते हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की घटनाएं हो सकती हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर केरल में मानसून की शुरुआत आमतौर पर 1 जून के आसपास होती है। तब तक रुक रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
हॉट डे क्या होता है?
हॉट डे की स्थिति तब होती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 5 डिग्री सेल्सियस के बराबर या उससे भी अधिक होता है। इस दौरान अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर अप्रैल से जून के बीच ये स्थिति देखी जाती है। मौसम विभाग ऐसा तापमान देख हॉट डे घोषित कर देता है।
