Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): नवंबर का महीना अपनी समाप्ति की ओर बढ़ रहा है और अब देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। एक तरफ दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में सर्दी का असर बढ़ने के साथ घने कोहरा भी रास्ता रोकने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज से शुक्रवार 27 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
कल कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
दिल्ली-NCR के साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में सुबह के समय घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। राजधानी दिल्ली में कल गुरुवार 26 नवंबर को न्यूनतम तापमान 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, सुबह छाएगी धुंध
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अगले चार दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध और कुछ इलाकों में कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है।
आज दिनभर आसमान साफ रहा। जबकि कल यानी गुरुवार सुबह हल्की धुंध छाने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री रह सकता है। 28 नवंबर तक सुबह कुछ इलाकों में धुंध और हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री रह सकता है।
इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट
IMD ने उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों के लिए घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 नवंबर तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। जबकि हिमाचल प्रदेश में 29 नवंबर तक घने कोहरे की संभावना है। असम और मेघालय में 27 नवंबर तक कुछ जगहों पर घना कोहरा रह सकता है। उधर मणिपुर और त्रिपुरा में 27 नवंबर तक कोहरे का कुछ असर दिख सकता है, जबकि ओडिशा में गुरुवार को कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।
केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। मौसम विभाग ने केरल और माहे तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शुक्रवार 27 नवंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया है। तमिलनाडु में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के साथ हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
केरल और माहे में 28 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और अंडमान में बारिश
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में आज से 28 नवंबर तक तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में भी 28 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज और कल हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं, 27 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच यहां व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है। 1 दिसंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें - जानें आजादी के बाद किन-किन राज्यों के बदले नाम और क्यों?
क्या है बारिश और मौसम बदलने का कारण?
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण बांग्लादेश और आसपास के इलाकों में चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पूर्वी हवाओं का ट्रफ एक्टिव है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। वहीं, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक हफ्ते के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है।
