कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले 29 जुलाई तक उत्तर भारत में तेज बारिश का दौर शुरू हो सकता है। खासकर, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश जिलों में बादलों की आवाजाही रहेगी। इस दौरान कई जगहों पर हल्की तो कहीं मध्यम स्तर की बारिश से मौसम का मिजाज बदल सकता है। इधर, पहाड़ों पर मौसमी चक्र बना रहने से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों पर तेज अंधड़ के साथ बारिश होने का अनुमान है। ज्यादा पानी का फ्लो होने से नदियों के जलस्तर पर बढ़ोतरी और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। स्काईमेट के मुताबिक, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी है। कमोबेश ऐसा ही मौसम महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर बना रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर 28 और 29 जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दोनों दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25, 26 और 27 जुलाई तक मौसम सामान्य बना रहेगा। इन तीनों दिनों में आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा तथा हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। राहत की बात यह है कि इन दिनों कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है, जिससे कई जिलों पर बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने दक्षिणी राजस्थान के उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहने तथा मध्यम से भारी और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान गंगानगर और सिरोही जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई, जबकि सिरोही जिले में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 203 मिलीमीटर बारिश सिरोही जिले की माउंट आबू तहसील में दर्ज की गई, जो अत्यधिक भारी वर्षा की श्रेणी में आती है।
पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के साथ अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना है। उधर, पूर्वोत्तर के , असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। पश्चिम बंगाल में 25-30 जुलाई के बीच बारिश होने का पूर्वानुमान है, जबकि बिहार में 28-30 जुलाई के बीच बारिश होने की संभावना है।
गुजरात में तेज बारिश
गुजरात में तेज बारिश का दौर है। मौसम विभाग ने बनासकांठा, पाटन, और कच्छ जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ हल्की आंधी-तूफान और 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवा चलने के साथ ही बिजली कड़कने की भी आशंका जताई है। साथ ही महेसाना, गांधीनगर, अहमदाबाद, सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, बोटाद, अमरेली, जूनागढ़, गिर सोमनाथ, दीव, छोटा उदयपुर, नर्मदा, सूरत, ताडी, डांग्स, नवसारी, वलसाड, दमन, दादरा और नगर हवेली जिलों में अलग-अलग जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना है। साबर कांठा, अरावली, महिसागर, दाहोद, पंचमहल, वडोदरा, खेड़ा, आनंद, भरूच, भावनगर, जामनगर, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर जिलों में अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर में खराब मौसम
जम्मू कश्मीर में खराब मौसम है, लेकिन एक सप्ताह से बंद वैष्णो देवी यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया है। लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी से पत्थर गिरने के खतरे के मद्देनजर नया मार्ग बंद रहा। उधर, हिमाचल प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित है। कई क्षेत्रों में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। इधर, उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।
