शहर

21 अगस्त का मौसम : आज होगी तबाही वाली बरसात, गिरेगी आसमानी बिजली आएगा तूफान; मौसम विभाग का रेड अलर्ट

Aaj Ka Mausam, 21 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : देश के पश्चिमी हिस्से में बादलों का कहर जारी है। महाराष्ट्र और गुजरात के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट घोषित है। आईएमडी ने मुंबई में खतरनाक मौसम की संभावना जताई है। इधर, कश्मीर से लेकर दिल्ली, यूपी और बिहार तक मानसूनी गतिविधियां मौसम का मिजाज नर्म रखेंगी, जिससे गर्मी और उमस से राहत रहेगी।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 21 अगस्त 2025: मानसून की रफ्तार धीरे-धीरे कमजोर हो रही है। फिर भी देशभर के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। हालांकि, अभी मानसून की अवधि शेष है। लिहाजा अगले कुछ दिनों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले 24 घंटे की बात करें तो महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ भागों में भारी बारिश दर्ज की जाएगी। खासकर, मुंबई में पिछले 4 दिनों से जारी आफत की बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी ये स्थिति बनी रहेगी। 21 अगस्त को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में तेज हवाएं चलने और मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात का अलर्ट जारी है। आईएमडी की मानें तो अभी पहाड़ों पर मौसम का रुख खतरनाक बना रहेगा। इस सप्ताह हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बादल फटने के साथ मूसलाधार बारिश और लैंडस्लाइड की समस्याएं परेशान कर सकती हैं। लिहाजा, लोगों से अपील है कि वे किसी भी ट्रिप और यात्रा को फिलहाल ब्रेक दे सकते हैं। स्काईमेट के मुताबिक, गुरुवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यदीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब हो सकता है। उधर, पूर्वोत्तर में सिक्किम, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत अन्य पड़ोसी राज्यों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी है।

शहर का नामन्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
मुंबई27°C28°C
दिल्ली 27°C34°C
चेन्नई27°C35°C
हैदराबाद22°C27°C
भोपाल23°C29°C
जयपुर 26°C32°C
लखनऊ27°C32°C
पटना27°C33°C
शिमला17°C23°C
देहरादून22°C29°C
जम्मू-कश्मीर 10°C18°C

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में काले बादलों का आना जाना लगा हुआ है। हालांकि, बुधवार को बारिश दर्ज नहीं की गई। लेकिन गुरुवार को हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 अगस्त को कुछ इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। 22, 23, 24 और 25 अगस्त को काले बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में कितना प्रदूषण?

मौसमी गतिविधियों के कारण एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बेहद कम है, जिससे लोग शुद्ध हवा में सांस ले रहे हैं, जो काफी संतोषजनक है। फिलहाल, एक्यूआई 80, 90 से 100 तक दर्ज किया जा रहा है। सीपीसीबी) के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?

मुंबई में पिछले 5 दिन से तेज मौसमी गतिविधियां जारी हैं। अत्यधिक वर्षा के कारण जनजीवन बेपटरी हो गया। खासकर, मुंबई की लाइफलाइन लोकल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। इसके अलावा कई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया और कई फ्लाइटों को डायवर्ट किया गया तो कई विलंब से उड़ान के लिए रेडी हुईं। इतना ही नहीं कई ऑफिसेस में वर्फ फ्रॉम होम या अवकाश दे दिया गया और स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। आईएमडी ने बुधवार को मुंबई के लिए भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। ये गतिविधियां गुरुवार को भी जारी रहने की संभावना है। हालांकि, इसमें थोड़ी कमी आ सकती है। इसके अलावा कई रत्नागिरी समेत कई अन्य जिलों में भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से मानसून सुस्त पड़ गया था, लेकिन 21 अगस्त से फिर पटरी पर लौट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 21 से 24 अगस्त तक मौसमी गतिविधियों में तेजी आएगी। इस दौरान करीब 50 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं वज्रपात होने का खतरा है। मूसलाधार बारिश के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी यूपी में नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, सहारनपुर, शामली, संभल, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर और अमरोहा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, अमेठी, सुलतानपुर, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

बिहार का मौसम कैसा रहेगा?

बिहार के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगले 7 दिनों तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इस दौरान पश्चिम बिहार में मौसम का मिजाज अधिक बिगड़ेगा और गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार में बादलों के गरजने व तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान ठनका गिरने का बड़ा अलर्ट है और मूसलाधार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने का अनुमान है, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। लिहाजा, आफत वाले मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की जरूरत होगी।

राजस्थान में मौसम कैसा है?

राजस्थान मानसूनी बारिश से मौसम का मिजाज सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त के लिए करीब 23 में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को जयपुर, चुरू, उदयपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, दौसा, बूंदी, कोटा, झालावाड़, भरतपुर, झुंझनू, अलवर, प्रतापगढ़, सीकर, अजमेर, पाली, जालोर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद और टोंक जिले समेत अन्य जिले आंधी तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने और बाढ़ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

उत्तराखंड का मौसम

पहाडों पर मौसम का रौद्र रूप जारी है। खासकर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में बादल फटने जैसी समस्याओं ने सामान्य जनजीवन पर बुरा असर डाला है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार से लेकर इस सप्ताह के आखिर तक उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में मूसलाधार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 अगस्त को अधिकतर जिलों में आकाशीय बिजली कड़कने और झमाझम बारिश की चेतावनी है। कई दिनों से जारी मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ों पर ठंडक का एहसास हो रहा है।

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का मौसम

हिमाचल प्रदेश में अभी खतरनाक मौसम की चेतावनी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अगले 6 से 7 दिन तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, 21, 22 और 23 अगस्त को हल्की तो 24 और 26 अगस्त को तेज बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान बादल फटने और बाढ़ जैसी समस्याएं भी स्थितियां बिगाड़ सकती हैं। लिहाजा, लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। खासकर, बिलासपुर, मंडी, चंबा, पालमपुर, ऊना और सिरमौर समेत अन्य जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम जम्मू-कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में देखा जा रहा है। किश्तवाड़ और कठुआ में बादल फटने के स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है। मौसम विभाग ने अभी कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article