कल का मौसम 14 June 2025 : वीकेंड पर डाउन होगा तापमान! जोरदार बारिश संग आएगा तूफान; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट
Kal Ka Mausam, 14 June 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: मौसम के लिहाज से अगले एक से दो दिन काफी अहम हैं। खासकर, उत्तर भारत के राज्यों राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार-झारखंड में प्रचंड गर्मी एंव लू से राहत की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कमोबेश यही हाल पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिखाई देंगे। उधर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में मौसमी गतिविधियां जारी हैं, जो आगे तक कंटिन्यू रहेंगी। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, और गोवा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

कल का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : भयंकर गर्मी के बीच बादल मेहरबानी दिखा सकते हैं। खासकर, उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में आसमान से बरस रही आग को बूंदे शांत करेंगी। मौसम विभाग ने गर्मी का कहर झेल रहे बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में 13 जून की रात से मौसम के करवट लेने के संकेत दिए हैं। इस दौरान धूल भरी आंधी के साथ बादलों की आवाजाही शुरू होगी और हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली का खतरा रहेगा। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे जाने से परहेज करें। अगर, अगले एक से दो दिन में बारिश दस्तक देती है तो अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। आईएमडी ने दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य तिथि से पहले ही 25 जून तक दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में पहुंचने का पूर्वानुमान जताया है। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के लिए कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यद्वीप, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है। इसके अतिरिक्त पूर्वोत्तर में मौसमी गतिविधियां जारी हैं। आईएमडी ने ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में उमस के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। उधर, पहाड़ी राज्य, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बादलों की आवाजाही शुरू है तो पश्चिम में गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
पटना | 32 °C | 38 °C |
लखनऊ | 32 °C | 40 °C |
भोपाल | 27 °C | 38 °C |
जयपुर | 32 °C | 43 °C |
दिल्ली | 31 °C | 42 °C |
मुंबई | 27 °C | 30 °C |
चेन्नई | 28 °C | 34 °C |
बेंगलुरु | 21 °C | 27 °C |
अहमदाबाद | 29 °C | 38 °C |
शिमला | 28 °C | 29 °C |
कश्मीर | 12 °C | 22 °C |
उत्तर भारत अगले सप्ताह का मौसम
उत्तर भारत में 13 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लेकिन उमस और गर्मी के बीच शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना रहेगी। 14 जून से मौसम में ठंडक घुलने लगेगी और अधिकतम तापमान घटकर 41 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री हो जाएगा। 15 जून को यह गिरावट और तेज होगी, जब अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया जाएगा। इन दिनों के लिए 'थंडरस्टॉर्म विद रेन' का पूर्वानुमान है, जिससे मौसम राहत भरा रहेगा। इसके अलावा 16, 17, 18 और 19 जून को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यह बारिश लोगों को गर्मी से राहत देगी, वहीं किसानों के लिए भी यह सकारात्मक संकेत है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब राहत के संकेत दे रहा है। आईएमडी के मुताबिक 13 जून की रात से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आंधी-तूफान के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगर, बारिश होती है तो प्रदेशवासियों को प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिलेगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावना रहेगी। लिहाजा, इस दौरान खुले में खड़े रहने या पेड़ों के नीचे रुकने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में भीषण गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां पारा 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। शुक्रवार को यहां न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 4 डिग्री ज्यादा है। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लेकिन, अब आईएमडी ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिससे चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर
पिछले दिनों प्रदूषण में आई कमी के बाद एक बार फिर इसके स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, एक्यूआई 195 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में भयंकर गर्मी और उमस का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 14 और 15 जून को काफी गर्मी पड़ेगी। हालांकि, मौसम में नर्मी आने के भी संकेत हैं, लेकिन इस बार मानसून थोड़ा लेट है। लिहाजा, अभी तेज बारिश का कोई अनुमान नहीं है फिर भी बीच-बीच में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। बहरहाल, कुछ जिलों के लिए आंधी और वज्रपात का अलर्ट कल जारी किया गया था, लेकिन आगे यह जारी रहेगा इसकी कोई सटीक जानकारी नहीं है। लेकिन, अगले सप्ताह से मौसमी गतिविधियां शुरू होने के चांस हैं।
राजस्थान में मानसून पूर्व बारिश का अलर्ट
राजस्थान के कई इलाकों में प्रचंड गर्मी का आलम है। हालांकि, शनिवार से मानसून पूर्व बारिश शुरू होने का पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत की उम्मीद है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के मुताबिक, दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं सक्रिय हैं। इसके आगामी दिन में मानसून के पूर्वी व मध्य भारत के भागों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।
आईएमडी ने उदयपुर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में शुक्रवार की रात तक तेज आंधी-बारिश के संकेत दिए हैं, जबकि जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री दर्ज होने तथा प्रचंड लू का दौर जारी रहने की संभावना है। कल यानी 14 जून को उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मानसून पूर्व की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट होने का अनुमान है। जबकि, जोधपुर, बीकानेर संभाग में लू का दौर जारी और कहीं-कहीं बादल गरजने, 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने व हल्की बारिश होने की संभावना है।
कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट
कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण कई निचले इलाके और सैकड़ों घर जलमग्न हो गए हैं, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण प्रमुख शहरी और ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश हुई, सड़कें नालों में बदल गईं और नाले उफान पर आ गए। मौसम विभाग ने बेंगलुरु समेत कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है, जिससे स्थितियां और बिगड़ सकती हैं।
अहमदाबाद का मौसम कैसा है?
गुजराज में मानसून दस्तक देने को तैयार है। उम्मीद है 14 जून को काफी सक्रिय हो जाएगा, जिसके बाद 15 और 16 तारीख तक कई इलाकों में तेज बारिश शुरू होगी। अहमदाबाद में भी 2 से 3 दिन बाद बारिश हो सकती है। अभी अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस है। फिलहाल, राज्य में काफी गर्मी पड़ रही है, लेकिन 2 दिन बात तापमान में तेजी से गिरावट देखी जाएगी।
कब आएगा मानसून?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस सप्ताह फिर से गति पकड़ने वाले दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य तिथियों से काफी पहले 25 जून तक दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतर भागों में पहुंचने की उम्मीद है। मानसून 24 मई को केरल पहुंचा, जो 2009 के बाद से भारतीय धरती पर इतने पहले पहुंचा है। वर्ष 2009 में यह 23 मई को केरल पहुंचा था। अब मानसून 18 जून तक मध्य और पूर्वी भारत के शेष हिस्सों तथा उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों को कवर कर लेगा। इसके 19 जून से 25 जून के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में आगे बढ़ने की उम्मीद है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि मानसून के 27 जून की सामान्य शुरुआत की तारीख से पहले 22-23 जून तक दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
कहां होगी अधिक मानसूनी बारिश
मौसम विभाग ने मानसून लेकर जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसमें लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के आस-पास के इलाकों, पूर्वोत्तर और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ अलग-अलग इलाकों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
गंगा-यमुना के दोआब में बसे फतेहपुर जनपद से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश में हुई। साल 2018 में छत्रपत...और देखें

Aaj ka Mausam 14 July 2025 LIVE: मानसून का असर बरकरार, कई राज्यों में आया अलर्ट, आज भी भींगेगी दिल्ली

Delhi Weather: दिल्ली में झमाझम बरसें बदरा, उमस से मिली राहत पर सड़कें बनी तालाब; जानें आज बारिश होगी या नहीं?

Patna Advocate Murder: राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव, सुल्तानगंज में वकील को गोलियों से भूना, मौत

श्रावणी मेला में देवघर जाना बना चुनौती; राजगीर-हावड़ा में सेवा ठप, श्रद्धालुओं ने उठाई विशेष ट्रेन की मांग

फर्जी NSG कमांडो बन रचाई 25 शादियां; नकली दस्तावेज और आईडी के साथ पकड़ा गया आरोपी
© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited