Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देशभर में मॉनसून की रफ्तार ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। 14 जुलाई 2025 को उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में व्यापक बारिश देखने को मिल रही है। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने 14 जुलाई के लिए एक बार फिर कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में बहने वाली नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा, यमुना, रामगंगा, कोसी जैसी प्रमुख नदियां ऊफान पर हैं, जिससे तराई और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 14 जुलाई से दिल्ली का मौसम और ठंडा हो जाएगा। तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और बारिश की रफ्तार भी तेज हो सकती है। इससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी और उमस से और ज्यादा राहत मिलेगी। खासकर उन लोगों के लिए यह राहतभरी खबर है जो बीते कुछ दिनों से गर्मी से परेशान थे। इस साल मानसून दिल्ली-एनसीआर में 28 जून को समय पर पहुंचा था। शुरुआत में बारिश हल्की थी, लेकिन अब इसका असर तेज होता जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 18 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
यूपी के इन जिलों में रहेगा अलर्ट
उत्तर प्रदेश में कल, 14 जुलाई को, मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिन जिलों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें सहारनपुर, बिजनौर, मोरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, बस्ती, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली और मऊ शामिल हैं। इसके अलावा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 जुलाई को तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 से 18 जुलाई के दौरान बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार में कल का मौसम कैसा रहेगा
आगामी 72 घंटों के भीतर बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 16 जुलाई से मानसून की ट्रफ लाइन बिहार की ओर खिसकने लगेगी। ट्रफ लाइन के सक्रिय होते ही राज्य में तेज और अच्छी बारिश शुरू हो जाएगी। फिलहाल ट्रफ लाइन उत्तर दिशा में स्थित होने के कारण राज्य में बारिश सीमित बनी हुई है। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार कल कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।
इन जगहों पर बारिश का अलर्ट
14 से 15 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 14 से 17 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में 14 से 19 जुलाई के बीच व्यापक वर्षा होने के आसार हैं। पंजाब में 16 जुलाई को बारिश हो सकती है, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ में 14 जुलाई को बारिश की संभावना जताई गई है।
