Aaj Ka Mausam : बादल गिराएंगे बारिश मूसलाधार, शीतलहर से लुढ़केगा तापमान; IMD ने किया सावधान
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Feb 10, 2026, 10:02 AM IST
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक पहाड़ों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। 9 से 11 फरवरी के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों पर बर्फबारी की रफ्तार बढ़ेगी एवं जमकर बादल बरसेंगे, जिससे सर्दी के ग्राफ में इजाफा होगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का आंशिक असर उत्तर भारत के कुछ राज्यों पर पड़ेगा, जिससे हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है। पूर्वोत्तर, दक्षिण और पश्चिमी भारत में तापमान बढ़ने से गर्मी की दस्तक के संकेत मिलने लगे हैं।
कल का मौसम
देश के उत्तरी राज्यों में मौसम बदलने की आहट मिल रही है। खासकर, पहाड़ों पर 9 फरवरी यानी सोमवार से लेकर अगले 3 दिन यानी बुधवार तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिसका सबसे अधिक असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड पर रहेगा। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने, गरज-चमक के साथ भारी बर्फबारी और बारिश होगी, जिससे समूचे घाटी में सिहरन वाली सर्दी महसूस की जाएगी। अधिकांश जगहों पर शीतलर चलने से शीत दिन (Cold Day) की स्थिति रहने से कड़ाके की सर्दी महसूस होगी। इस मौसम का आंशिक असर पहाड़ी राज्यों के नजदीकी राज्यों पर भी पड़ सकता है। आईएमडी के मुताबिक, 11 फरवरी तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों पर हल्के बादल आ सकते हैं। हालांकि, बारिश को लेकर कोई बड़ा पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन दिन में तेज पछुआ हवाओं के चलने से सुबह-शाम अधिक ठंडी और कोहरे की चादर छाई रहेगी। हालांकि, दिन में धूप निकलने से सर्दी से राहत मिलेगी।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान (10 फरवरी) | अधिकतम तापमान ( 10 फरवरी) |
| दिल्ली | 9°C | 23°C |
| चंडीगढ़ | 107°C | 21°C |
| जयपुर | 12°C | 25°C |
| भोपाल | 14°C | 27°C |
| मुंबई | 22°C | 28°C |
| लखनऊ | 11°C | 24°C |
| पटना | 12°C | 24°C |
| देहरादून | 6°C | 16°C |
| शिमला | 4°C | 13°C |
| कश्मीर | -1°C | 7°C |
| कोलकाता | 14°C | 27°C |
यूपी-बिहार में कल मौसम
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया है। दिन में धूप निकलने के बावजूद हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है, जबकि शाम होते ही पारा गिरने लगता है और सुबह कहीं-कहीं पाला गिरने से गलन वाली सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि करीब 25 जिलों में अभी घना कोहरा छाएगा, लेकिन दिन में हवाओं की गति 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के कारण इसके ग्राफ में कमी आएगी। अब धीरे-धीर तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। अगले 2 दिन तक प्रदेश में सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उधर, बिहार में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह कई जिलों में कोहरा छाया नजर आएगा और दिन में तेज पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे सुबह और शाम तेज सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, दिन में धूप निकलने से सर्दी का असर कम होगा।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली-एनसीआर में मौसम तो साफ है, लेकिन पॉल्यूशन की स्थिति फिर से बिगड़ गई है। एक्यूआई 250 के आसपास बना हुआ है, जिससे अभी साफ हवा की कल्पना करना बेमानी है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 से 3 दिन तक हल्की बदली की आवाजाही हो सकती है। हालांकि, बारिश को लेकर कोई विशेष अलर्ट नहीं है। अगले दो दिन हवाओं की गति तेज रहने से न्यूनतम तापमान थोड़ा सा नीचे आएगा। मंगलवार को सबसे कम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरे की चादर छाई नजर आएगी। अभी सर्दी का एहसास कायम रहेगा, लेकिन गलन वाली सर्दी से राहत रहेगी।
हरियाणा-पंजाब का मौसम
पहाड़ों पर बिगड़े मौसम का सीधा असर हरियाणा-पंजाब के कुछ शहरों पर पड़ेगा। अगले कुछ घंटों तक हल्के फुल्के बादल छाए नजर आ सकते हैं। आईएमडी ने बताया कि मोहाली, पटियाला, बरनाला, मानसा, बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, तरनतारन, जालंधर, होशियारपुर और लुधियाना समेत कई जिलों में अगले 2 दिन तक तेज हवाएं चलेंगी, जिससे सर्दी का एहसास कायम रहेगा। हरियाणा में भी कमोबेश ऐसी ही मौसम रहेगा। यहां भी कई जिलों में बादलों की आवाजाही हो सकती है। अधिकांश जिलों में हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है। कई जिलों में अभी भी न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान का मौसम बदल रहा है। पिछले कई दिनों से मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल, कुछ जिलों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की बदली छा सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। अभी अगले कुछ दिन तक सुबह कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 9 से 11 फरवरी तक अल्मोड़ा, टिहरी में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी तो पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग और बागेश्वर के ऊंचाई वाले भागों पर बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है, जिस कारण न्यूनतम और अधिकतम तापामान में फिर से कमी आने से कड़ाके की सर्दी का असर बढ़ेगा। अधिकांश जिलों में कोहरा छाए रहने और शीतलहर चलने का अनुमान है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में 9 से 11 फरवरी तक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने के संकेत हैं। सोमवार से घने बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है। आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन दिन तक लाहौल-स्पीति, चंबा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, शिमला और कांगड़ समेत चोटियों वाले कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज बर्फबारी की संभावना है। कमोबेश पूरे राज्य में मैदानी हिस्सों पर 30 से 40 किलोमीटर रफ्तार की हवाएं चलेंगी और भारी बारिश का अनुमान है। इससे कोल्ड डे की स्थिति रहेगी और सर्दी के ग्राफ में बढ़ोतरी होगी। आईएमडी ने खराब मौसम के दौरान हिल्स एरिया में यात्रा करने से रोका है।
कश्मीर में मौसम कैसा है
पहाड़ों पर सोमवार से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक दे चुका है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई व घाटी वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी के साथ बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेगी और शीतलहर चलेगी, जिससे कोल्ड की स्थिति रहेगी। 11 फरवरी तक लगातार बारिश और बर्फबारी से श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम, कोकरनाग, कुपवाड़ा और अनंतनाग समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस से नीचे रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को अभी कड़ाके की सर्दी से राहत नहीं मिलेगी, ये सिलसिला अगले सप्ताह तक जारी रह सकता है। फिलहाल, बारिश-बर्फबारी के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में सफर करने से बचने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
