Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : केरल में समय से पहले मानसून एंट्री लेने के बाद सुस्त पड़ गया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक कोई बड़ी मौसमी गतिविधि होने से इनकार किया है। लेकिन, 11 जून से एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा-पंजाब में अगले 5 दिन मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान आंधी और बारिश नहीं होने का अनुमान जताया गया है, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी के साथ बढ़ोतरी होगी। हालांकि, 12 जून से मानसून की आहट के बीच फिर से बादलों की आवाजाही शुरू होगी और तेज बारिश दर्ज की जाएगी। स्काईमेट ने बताया कि 11 और 12 जून से दक्षिण भारत के राज्यों तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल में भारी से भारी बारिश होगी, जो कई दिनों तक अनवरत जारी रहेगी। कमोबेश यही हालात पूर्वोत्तर के राज्यों में भी देखने को मिलेंगे। इस दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में मौसमी गतिविधियां तेज होंगी और भारी बारिश का दौर शुरू होगा। ऐसे में नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तरांखड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम की चाल बढ़ेगी और तेज बारिश दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई इलाकों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मुंबई | 27 °C | 28 °C |
| दिल्ली | 29 °C | 38 °C |
| भोपाल | 27 °C | 38 °C |
| जयपुर | 29 °C | 40 °C |
| लखनऊ | 29 °C | 39 °C |
| पटना | 29 °C | 37 °C |
| चंडीगढ़ | 28 °C | 38 °C |
| चेन्नई | 29 °C | 36 °C |
| हैदराबाद | 26 °C | 34 °C |
| शिमला | 17 °C | 26 °C |
| देहरादून | 23 °C | 33 °C |
| कश्मीर | 11 °C | 20 °C |
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?
नए सर्कुलेशन बनने और बंगाल की खाड़ी से नमी भरी हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर आएंगी, जिससे कई इलाकों में छिटपुट बारिश शुरू होगी। लेकिन, अगले 5 दिन तक गर्मी का प्रकोप झेलने के लिए तैयार रहना होगा। आने वाले दिनों में लखनऊ, कानपुर, कन्नौज, आगरा, रायबरेली, अलीगढ़, हाथरस, झांसी, बांदा, ललितपुर, चित्रकूट, गाजीपुर, जौनपुर, महोबा औप प्रतापगढ़ समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। हालांकि, लू चलने का अलर्ट नहीं है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में बादलों की आवाजाही शुरू है। मौसम आंख मिचौली का खेल दिखा रहा है। कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज धूप परेशान कर रही है। अब मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक मानसून की आहट जताई है। लिहाजा, जून के मध्य से राज्य में भारी बारिश हो सकती है। फिलहाल, प्री मानसून की गतिविधि होने से मौसम विभाग ने राज्य के 7 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, यह बहुत स्ट्रॉंग मौसम नहीं होगा। कई जिलों में धूप के साथ अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं।
दिल्ली में कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। आईएमडी ने आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को तेज हवाएं चलने की संभावना है।
दिल्ली में पिछले दिनों मौसमी गतिविधि होने से प्रदूषण के स्तर में कमी देखी जा रही है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे एक्यूआई 169 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में गर्मी का अलर्ट
राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में फिर तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है, जहां शुक्रवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन से चार दिन मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इसके अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में आठ से 10 जून को अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री दर्ज किए जाने व कहीं-कहीं भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। इसी तरह बीकानेर संभाग व आसपास के इलाकों में आठ से 10 जून के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। शनिवार सुबह तक पिछले चौबीस घंटे के दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश सपोटरा (करौली) में 9.0 मिलीमीटर हुई। इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 43.4 डिग्री दर्ज किया गया।
असम में बाढ़ से तबाही
असम में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालांकि, अब धीरे-धीरे और 16 जिलों के 4.43 लाख से अधिक लोग अब भी बाढ़ से पीड़ित हैं, जबकि ब्रह्मपुत्र सहित प्रमुख नदियों का जलस्तर घट रहा है। यह जानकारी एक आधिकारिक बुलेटिन में दी गई। दिन में बाढ़ के कारण किसी के मरने की खबर नहीं है, हालांकि कामरूप (मेट्रो) में एक व्यक्ति के लापता होने की खबर है
महाराष्ट्र का मौसम कैसा रहेगा?
महाराष्ट्र में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों तक कोकण, मराठवाड़ा और गोवा के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहने के संकेत दिए हैं। विदर्भ में भी बारिश के आसार हैं। 9 से 11 जून तक मौसम थोड़ा सुस्त होगा, लेकिन 12 जून से मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिससे भारी वर्षा का दौर शुरू होगा। आईएमडी ने मुंबई के लिए अगले तीन घंटों के लिए नाउकास्ट रेड अलर्ट जारी किया। यानी मुंबई में भारी बारिश होने से सड़कों के फुल होने के चांस हैं। तेज बारिश लोकल समेत अन्य यातायात के साधनों पर ब्रेक लगा सकती है।
नवी मुंबई में भारी बारिश
नवी मुंबई के उरण में अचानक जोरदार बारिश शुरू हुई। महज 15 मिनट की बारिश ने शहर की सड़कों को नदी में तब्दील कर दिया। कई वाहन पानी में बहते नजर आए तो कुछ सड़कों पर आड़े-तिरछे फंस गए। इस तेज बारिश के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सड़क किनारे बने गटरों का गंदा पानी दुकानों में घुस गया ।
