कटरा : जम्मू-कश्मीर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण लगातार हो रही बारिश का असर अब माता वैष्णो देवी यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी भवन जाने वाले नए यात्रा मार्ग पर बुधवार शाम भारी बारिश के बाद हिमकोटी के पास भूस्खलन हो गया। एहतियात के तौर पर बैटरी कार सेवा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि पवित्र गुफा तक श्रद्धालुओं की यात्रा पूरी तरह जारी है और पुराने मार्ग से दर्शन के लिए आवाजाही सामान्य रूप से हो रही है।
माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड
अधिकारियों के मुताबिक, लगातार हुई तेज बारिश के कारण नए ट्रैक पर मलबा और पत्थर आ गए, जिसके बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने तुरंत मशीनों और कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मलबा हटाने का काम शुरू करा दिया। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बैटरी कार सेवा रोकी गई है और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही इसे दोबारा शुरू किया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, देहरादून में 9 जुलाई को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद; IMD की आई चेतावनी
श्राइन बोर्ड और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें।
जम्मू-कश्मीर में मानसून सक्रिय
इस बीच, जम्मू-कश्मीर में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाओं से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ था। मौसम विभाग ने भी उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है और संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
फिलहाल वैष्णो देवी यात्रा पर कोई व्यापक रोक नहीं लगाई गई है। श्रद्धालु पुराने मार्ग से लगातार भवन पहुंच रहे हैं, जबकि नए ट्रैक पर बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
