राजस्थान के जालोर के एक बिजनेसमैन परिवार बेंगलुरु कि बिल्डिंग में लगी आग में जिंदा जल गया। इस हादसे में राजस्थानी बिजनेसमैन समेत उसकी पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई है। पुलिस ने सभी मृतकों के शव को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार जिस बिल्डिंग में रह रहा था, उसमें आग लग गई थी। इस हादसे में जिंदा जलने से पूरे परिवार की मौत हो गई।
15 साल से बेंगलुरु में रह रहा था परिवार
पुलिस अधिकारी ने मृतक बिजनेसमैन की पहचान 40 वर्षीय मदन सिंह राजपुरोहित के रूप में की है। अधिकारी ने बताया कि यह हादसा बेंगलुरु के नगरपेठ इलाके के स्टील मार्केट का है। यहां स्थित एक बिल्डिंग में शुक्रवार देर रात आग लगी थी। इस बिल्डिंग में मदन सिंह का बर्तन का गोदाम और चौथी मंजिल पर घर था। वह अपने परिवार के साथ यहां करीब 15 साल से रह रहा था।
बर्तन के गोदाम में लगी आग बिल्डिंग में फैली
अधिकारी ने बताया कि आग मदन सिंह के बर्तन के गोदाम तक लगी थी। उसके बाद देखते ही देखते यह बिल्डिंग के दूसरे हिस्सों तक फैल गई। पुलिस ने बताया कि बिल्डिंग में रह रहे लोगों ने आग देख इमारत से कूदकर अपनी जान बचाई। आग की सूचना मिलने पर दमकल की टीम के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया है। जैसे-तैसे आग तो बुझ गई, लेकिन चौथी मंजिल पर रहा बिजनेसमैन का पूरा परिवार आग में जल गया।
घटना की सूचना पर पूर्व विधायक और स्थानीय कांग्रेस नेता आर.वी. देवराजू घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल की टीम आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक पता नहीं लग पाया है कि आग किस वजह से लगी थी। पुलिस ने आग में जिंदा जलने से 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
