Jaipur Bus Fire: जयपुर में बुधवार को रोडवेज की चलती बस में अचानक आग लग गई। इस घटना से बस में हड़कंप मच गया। बस में सवार यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग बुझी नहीं। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
यात्रियों का सामान जला
यह रोडवेज बस जयपुर से निवाई की ओर जा रही थी। जब यह बस चैनपुरा इलाके की रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थी। इसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। इस दौरान बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे। सभी अपनी जान बचाने के लिए बस से कूद गए। हालांकि उनका सामान बस में रह गया। बस में आग लगी देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस पर पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही दमकल और पुलिस की टीम को भी आग की सूचना दी गई।
अज्ञात कारणों से लगी आग
जब दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक आधी बस जलकर राख हो चुकी थी। साथ ही बस में रखा यात्रियों का सामान भी जल गया। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने में जुट गई। हालांकि अभी तक बस में आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।
