Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 20-July-2025:राजस्थान में मानसून की तेजी के चलते बीते कुछ दिनों से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जोधपुर, नागौर, पाली, अजमेर, सिरोही और जालौर जैसे जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई निचले इलाकों में पानी घरों में घुस चुका है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन आज से बारिश में कुछ कमी देखी जाएगी। मौसम केन्द्र के अनुसार पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना हवा का रुख धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ रहा है।
कल कैसा रहा मौसम
कल यानी शनिवार को राजस्थान में अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 36.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सिरोही में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, हवा में नमी का स्तर 75 से 100 प्रतिशत के बीच रहा, जिससे वातावरण और भी अधिक उमस भरा बना रहा। कई इलाकों में भारी बारिश भी हुई।
अजमेर और टोंक में बाढ़ जैसे हालात
शनिवार को अजमेर और टोंक में हालात बाढ़ जैसे हो गए। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश जोधपुर के बालेसर में 175 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा जोधपुर के सेखला में 110, जोधपुर शहर में 98.8 दर्ज की गई। अजमेर में बीते 24 घंटे में अजमेर 143 मिलीमीटर बारिश हुई।
आज से बारिश में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जुलाई से राज्य में भारी बारिश से राहत मिलने की संभावना है। आगामी 3 से 4 दिनों तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 27-28 जुलाई के आसपास राज्य में एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है। इसके चलते फिर से कई जिलों में तेज बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
