Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14-July-2025: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कोटा, उदयपुर और अजमेर संभागों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जहां सोमवार और मंगलवार को आठ इंच से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल एक सर्कुलेशन सिस्टम मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय है, जो सतह से लेकर लगभग 5.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले 2-3 दिनों में इसके पूर्वी राजस्थान होते हुए पश्चिमी राजस्थान की ओर बढ़ने की बड़ी संभावना है। इस दौरान यह सिस्टम और बड़ा हो सकता है, जो राज्य में भारी बारिश कराएगा।
आज इन इलाकों में अलर्ट
मौसम विभाग ने आज, सोमवार को बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, राजसमंद, सिरोही और पाली जिलों में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, अजमेर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, टोंक, उदयपुर, जालोर, जोधपुर और नागौर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में भी आएगी तेज बारिश
जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। जोधपुर संभाग में भी 15 जुलाई तक भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि पूर्वी राजस्थान में 17 जुलाई और पश्चिमी राजस्थान में 18 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है।
सावधानी की अपील
तेज बारिश और संभावित जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। निचले इलाकों में सतर्कता बरतने और जरूरत के हिसाब से राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों के लिए यह सलाह है कि मौसम से जुड़े अपडेट्स पर नजर बनाए रखें और सतर्कता बरतें।
