जयपुर

PM मोदी के जन्मदिन पर राजस्थान में सेवा पखवाड़े की शुरुआत, CM भजनलाल शर्मा ने खुद झाड़ू लगाकर दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राजस्थान में सेवा पखवाड़े की शुरुआत हुई।सीएम भजनलाल शर्मा ने मानसरोवर सिटी पार्क में सफाई कर अभियान का आगाज किया। उन्होंने पौधारोपण कर स्वच्छता और हरियाली का संदेश दिया और कार्यकर्ताओं को चाय भी पिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने हवा महल से सफाई अभियान की शुरुआत कर जनता को शपथ दिलाई।

Image

सीएम ने सफाई के साथ की सेवा पखवाड़े की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर बुधवार से पूरे राजस्थान में सेवा पखवाड़े की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के मानसरोवर स्थित सिटी पार्क पहुंचकर कार्यक्रम का आगाज किया। इस दौरान उनके साथ शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी मौजूद रहे। सीएम ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई अभियान की शुरुआत की और पौधारोपण भी किया।

CM बोले –पीएम मोदी ने बदली देश की दशा और दिशा

सीएम शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद देश की दशा और दिशा दोनों बदलने का काम किया है। आज भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। स्वच्छता अब केवल अभियान नहीं बल्कि मिशन बन चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में तीसरे स्थान पर होगी।

सीएम ने यह भी दावा किया कि राजस्थान में स्वच्छता के मामले में उल्लेखनीय काम हुआ है। जयपुर नगर निगम हेरिटेज और ग्रेटर दोनों ही शहर अब देश की टॉप स्वच्छता रैंकिंग में शामिल हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में पौधारोपण का नया रिकॉर्ड बनाते हुए लगभग 12 लाख करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।

आम लोगों को पिलाई चाय

सफाई और पौधारोपण कार्यक्रम के बाद जब सीएम सिटी पार्क से लौट रहे थे तो उन्होंने सड़क किनारे एक चाय की थड़ी पर रुककर खुद चाय बनाई और वहां मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं व आम जनता को चाय पिलाई। इसके बाद उन्होंने जवाहर कला केंद्र जाकर प्रधानमंत्री मोदी के जीवन और कार्यकाल पर आधारित नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने हवा महल से दिया सफाई की संदेश

उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी जयपुर के ऐतिहासिक हवा महल के बाहर झाड़ू लगाकर सेवा पखवाड़े की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और आम जनता को सफाई रखने की शपथ दिलाई।

‘शहर चलो' और 'ग्रामीण सेवा शिविर' अभियान

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'शहर चलो अभियान' के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन, रिपेयर और इन्फ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा। वहीं, 'ग्रामीण सेवा शिविरों' के जरिए गांव-गांव में हर नागरिक को सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article