जयपुर

'पापा मैं जा रहा हूं' कहकर 9वीं के छात्र ने पिता के सामने पीया जहर, Instagram से हुआ ब्लैकमेल का खुलासा

जयपुर में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने पिता के सामने जहर पी लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। पिता का आरोप है कि स्कूल के कुछ अन्य छात्र उनके बेटे को नशे की आदत लगा रहे थे और उसे 2 लाख रुपये के लिए ब्लैकमेल कर रहे थे।

Image

जयपुर में 9वीं के छात्र ने जहर पीने के बाद अस्पताल में दम तोड़ा (फोटो - AI Image)

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले 14 साल के एक छात्र एश्वर्य सिंह ने जहर पीकर आत्महत्या कर ली। यह और भी दर्दनाक इसलिए था, क्योंकि एश्वर्य ने पिता के सामने 'पापा, मैं जा रहा हूं' कहकर जहर पी लिया।

मृतक एश्वर्य के पिता मानवीर सिंह के अनुसार उनका बेटा पिछले एक महीने से काफी डरा हुआ और परेशान नजर आ रहा था। उन्होंने बताया कि एश्वर्य का स्कूल के ही कुछ लड़कों के साथ पैसों के लेकर झगड़ा भी हुआ था। उन्होंने बताया कि ये लड़के उनके बेटे को नशा करवाते थे और उससे पैसे मांगते थे।

मानवीर सिंह के अनुसार एश्वर्य का 26 जून को पैसे लो लेकर उनसे झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद एक लड़के ने पुलिस थाने में तैनात अपने चाचा की मदद से नाहरगढ़ थाने में एश्वर्य के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी थी। अब वह लोग राजीनामा करने के बदले उससे दो लाख रुपये मांग रहे थे, जिसके कारण वह मानसिक तौर पर काफी परेशान था। लेकिन घर में किसी को इस बारे में बाता भी नहीं रहा था।

3 जुलाई को एश्वर्य स्कूल से लौटते समय जहरीला पदार्थ ले आया था। घर आकर उसने कई बार जहर पीने की कोशिश की। घर के किचन में लगे सीसीटीवी में वह जहर को सूंघते हुए दिखता है। आखिर उसने अपने पिता और नौकरों के सामने जाकर जहर पी लिया। उसे तुरंत स्थानीय जेके लोन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी बिगड़ती हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया। आखिर 6 जुलाई की सुबह एश्वर्य ने दम तोड़ दिया।

मृतक एश्वर्य के पिता मानवीर सिंह ने इसके बाद उसके मोबाइल की जांच की। तब उन्हें पता चला कि एश्वर्य को इंस्टाग्राम के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा था। उन्होंने पाया कि स्कूल के उसके साथी उसे नशीले पदार्थों की लत लगा रहे थे। जयपुर में ब्रह्मपुरी पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article