जयपुर

जयपुर में रिटायर्ड बैंककर्मी ने पत्नी और बेटे के साथ की आत्महत्या, सुसाइड नोट में परिचित पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

जयपुर के करणी विहार इलाके में रिटायर्ड बैंककर्मी ने पत्नी और बेटे संग आत्महत्या कर ली। मौके से मिला अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट, परिचित पर प्रताड़ना के आरोप लगाए।तीनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले, पुलिस जांच में जुटी।

Image

किराए के मकान में मिलीं लाशें (सांकेतिक तस्वीर|iStock)

Photo : iStock

Jaipur: राजधानी के करणी विहार थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड बैंककर्मी ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ आत्महत्या कर ली। तीनों एक किराए के मकान में रहते थे। शनिवार सुबह जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो मकान मालिक को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर तीनों के शव पड़े मिले।

मृतकों की पहचान रूपेंद्र शर्मा (63), उनकी पत्नी सुशीला शर्मा (58) और बेटा पुलकित शर्मा (32) के रूप में हुई है। रूपेंद्र शर्मा राजस्थान बैंक में अकाउंटेंट रहे थे और कुछ समय पहले उन्होंने वीआरएस लिया था। उनका बेटा पुलकित एक निजी बैंक में नौकरी करता था जबकि पत्नी गृहिणी थीं।

अंग्रेजी में लिखा मिला सुसाइड नोट

करणी विहार थाना प्रभारी हवा सिंह ने बताया कि मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला है, जो अंग्रेजी में लिखा गया है। उसमें एक परिचित व्यक्ति पर लगातार परेशान करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने सुसाइड नोट के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

कमरे में तीनों की मिली लाशें

पुलिस के अनुसार मकान मालिक की सूचना पर जब टीम मौके पर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद था। गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। मेन गेट के पीछे बेटे पुलकित का शव मिला, हॉल में पिता रूपेंद्र का शव था, जबकि कमरे में मां सुशीला की लाश मिली। प्रारंभिक जांच में विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।

जांच में जुटी है पुलिस

मकान मालिक रामगोपाल शर्मा ने बताया कि परिवार पिछले दो साल से किराए पर रह रहा था। “बहुत सभ्य और शांत स्वभाव का परिवार था। रोजाना सुबह रूपेंद्र जी 5 बजे उठकर सफाई करते और घर के काम करते थे। आज जब सुबह 8 बजे तक दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी।” फिलहाल पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह और सुसाइड नोट में लिखे व्यक्ति की भूमिका की जांच में जुटी है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article