जयपुर

Jaipur Crime News: ससुराल वालों से बदला लाने के लिए खरीदा था पिस्तौल, खुद की ही चली गई जान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 15, 2023, 08:20 PM IST

Jaipur: जयपुर में चचेरे भाई के घर आए हरियाणा के रेवाड़ी के प्रॉपर्टी कारोबारी की मिली लाश के मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक ससुराल वालों से बदला लेने की नीयत से मृतक हथियार खरीद कर लाया था। इस बीच जयपुर में आरोपी हथियार देख रहा था, तभी गोली चलने से कारोबारी की मौत हो गई।

Image

जयपुर में चचेरे भाई की गलती से चली गोली ने भाई की जिंदगी छीन ली (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • प्रॉपर्टी व्यवसायी रेवाड़ी से चचेरे भाई के घर आया था
  • ससुराल वालों से बदला लेने की नीयत से हथियार खरीद कर लाया था
  • चचेरा भाई हथियार देख रहा था, तभी गोली चल गई


Jaipur: राजधानी जयपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसमें बदले की नीयत से घर में लाए गए हथियार ने लाने वाले की ही जान ले ली। मामला जयपुर के श्याम नगर इलाके का है। जहां पर आरटीओ इंस्पेक्टर के घर प्रॉपर्टी व्यवसायी की डेड बॉडी पुलिस को मिली थी।

पुलिस के मुताबिक, हथियार चेक करते समय प्रॉपर्टी कारोबारी की कनपटी में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसे लेकर श्याम नगर पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए थे। बहरहाल पुलिस जांच की सुई इस दिशा में घूम रही है कि, ये एक्सीडेंट था या फिर हत्या। हालांकि घटना के बाद कारोबारी का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक के कजिन ब्रदर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

महिला इंस्पेक्टर ने दी थी सूचना

डीसीपी साउथ योगेश गोयल ने बताया कि, गनशॉट से रविकांत शर्मा (33) निवासी रेवाड़ी हरियाणा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक का हरियाणा के रेवाड़ी शहर में प्रॉपर्टी का व्यवसाय था। मृतक कारोबारी रेवाड़ी से जयपुर आया था व शाम को करीब 4 बजे श्याम नगर में रहने वाले अपने चचेरे भाई विकास के घर पहुंचा। परिवहन विभाग में महिला इंस्पेक्टर शाम को अपने घर आई तो देखा कि तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे में रविकांत शर्मा का लहूलुहान शव पड़ा था। इसके बाद महिला इंस्पेक्टर ने श्याम नगर थाने को इसकी जानकारी दी। मौके पर आई पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया व साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव से कुछ दूरी पर पुलिस को हथियार पड़ा मिला।

पत्नी से चल रहा था झगड़ा

डीसीपी साउथ योगेश गोयल के मुताबिक, अब तक की जांच में सामने आया है कि, मृतक अपने चचेरे भाई विकास के घर आया हुआ था। वहीं जांच में ये जानकारी भी सामने आई है कि, मृतक का उसकी पत्नी व ससुराल वालों से झगड़ा चल रहा है। डीसीपी के मुताबिक आरोपी विकास ने बताया है कि, मृतक अपने ससुराल वालों के बदला लेने की नीयत से ही हथियार खरीद कर लाया था। आरोपी हथियार को चेक कर रहा था, इस बीच चली गोली मृतक की कनपटी पर जा लगी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि, गोली गलती से या फिर जान बुझकर चलाई गई।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article