जैसलमेर में मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई, जिससे बस धू-धूकर जलकर राख हो गई। हादसे के दौरान बस में 57 सवारियां थी, जिससे आनन-फानन में बाहर निकाला गया। हादसे में कई लोग झुलस गए। इनमें से 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायलों का इलाज जारी है। हादसा जोधपुर रोड पर थईयात के पास होना बताया जा रहा है। पीएम मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
जैसलमेर के एडिशनल एसपी कैलाश दान ने बताया कि चलती बस में आग लग गई। कई लोगों के हताहत होने की खबर है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और बचाव अभियान जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के पिछले हिस्से में अचानक आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। आगे की सीटों पर बैठे कुछ यात्री किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन पीछे की सीटों पर बैठे यात्री आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
घायलों को तुरंत राजकीय जवाहिर चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। झुलसे हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है, जिसमें मरीजों के परिजन और स्थानीय लोग शामिल हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जैसलमेर पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण तकनीकी खराबी हो सकता है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बस चालक और परिचालक से पूछताछ शुरू की है। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिया है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। पुलिस और प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटे हैं।
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्वीट कर में बस में आग लगने की घटना अत्यंत हृदयविदारक बताया है। उन्होंन लिखा-मैं इस दुखद दुर्घटना से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
