जयपुर

भाजपा ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प और नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी प्रचार अभियान के लिए राजस्थान नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी

भाजपा ने दो बड़े राष्ट्रीय अभियानों में राजस्थान के तीन नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी है।चितौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का सह संयोजक बनाया गया है।

Image

राजस्थान में बीजेपी ने दो अभियान के लिए नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी (PHOTO- PTI)

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो बड़े राष्ट्रीय अभियानों , आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान और नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी प्रचार अभियान—के लिए राजस्थान के तीन प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी द्वारा गठित राष्ट्रीय स्तर की समितियों में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और चितौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर को शामिल किया गया है।

इन अभियानों का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों और नई योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना है। साथ ही, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सुधारों से जुड़े संदेश को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुँचाना भी इन अभियानों का लक्ष्य है।

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान

इस अभियान के संयोजक राष्ट्रीय महामंत्री और राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रभारी अरुण सिंह बनाए गए हैं। उनके साथ 3 सह संयोजक और 6 सदस्य समिति में शामिल किए गए हैं। सह संयोजक के तौर पर राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर को बड़ी भूमिका दी गई है।

यह अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत पार्टी प्रदेश और जिला स्तर पर भी समितियां गठित करेगी। अभियान का फोकस कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर रहेगा। लोगों को “वोकल फॉर लोकल” की भावना से जोड़कर भारतीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।

नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी प्रचार अभियान

दूसरा बड़ा अभियान जीएसटी से जुड़ा है। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए बदलावों और जीएसटी फॉर्म जमा करने की तारीखों में दी गई राहत को आमजन तक पहुँचाने के लिए भाजपा ने विशेष समिति बनाई है। इस 10 सदस्यीय समिति के संयोजक भी अरुण सिंह हैं। इनके साथ 3 सह संयोजक और 6 सदस्य कार्य करेंगे। इस समिति में राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को सदस्य बनाया गया है। यह अभियान 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। राज्य और जिला स्तर पर बनाई जाने वाली समितियां जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जीएसटी स्लैब में किए गए बदलाव और उसके लाभ समझाएंगी।

राजस्थान नेताओं की बढ़ी जिम्मेदारी

भाजपा द्वारा इन दोनों राष्ट्रीय अभियानों में राजस्थान के तीन नेताओं को जिम्मेदारी देना इस बात का संकेत है कि संगठन उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में और ज्यादा सक्रिय भूमिका देने का इच्छुक है। आत्मनिर्भर भारत अभियान से जहां सीपी जोशी और अलका गुर्जर की भूमिका महत्वपूर्ण होगी, वहीं जीएसटी प्रचार अभियान में डॉ. सतीश पूनिया जनता तक आर्थिक सुधारों का संदेश पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। गौरतलब है कि इन अभियानों के जरिए भाजपा एक ओर केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के बीच मजबूत तरीके से रखेगी, वहीं दूसरी ओर आगामी चुनावी समीकरणों को भी साधने की कोशिश करेगी।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article