Bikaner Accident: राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। जहां दो कारों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर शव सड़क पर बिखरे मिले। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कार में फंसे लोगों को गाड़ी काटकर निकलना पड़ा।
खाटूश्याम से लौट रही थी एक कार
यह हादसा सोमवार देर रात करीब 11 बजे NH-11 पर श्रीडूंगरगढ़ के सिखवाल उपवन के पास हुआ। जिसमें एक कार के लोग खाटूश्याम से दर्शन करके लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। जिसमें दोनों कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने बताया कि कार की टक्कर इतनी तेज थी कि एक-दो लोग शीशा तोड़कर सड़क पर आ गए। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
दैनिक भास्कर में छपी खबर के अनुसार एक कार में बिग्गा निवासी दिनेश जाखड़, श्रीडूंगरगढ़ निवासी, बिग्गा निवासी मनोज जाखड़ और अभयसिंह पुरा निवासी करण सवार थे। वहीं दूसरी कार में नापासर निवासी मल्लू उर्फ महालचंद भार्गव बैठे थे। इन 5 लोगों की इस हादसे में मौत हो गई है। वहीं घायलों में नापासर निवासी संतोष कुमार, नापासर निवासी सुरेंद्र, जितेन्द्र, लालचंद शामिल हैं। जिन्हे इलाज के लिए पीबीएम अस्पताल भेजा गया है।
