हैदराबाद से उड़ी फ्लाइट को जयपुर में लैंड करना था, लेकिन पायलट फ्लाइट को लैंड कराने में असफल रहे। इसके बाद विमान लगभग आधे घंटे तक जयपुर के आसमान में चक्कर लगाता रहा और इस दौरान यात्रियों की जान हलक में अटकी रही। चलिए जानते हैं क्या है मामला।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2870 ने गुरुवार को हैदराबाद से उड़ान भरकर जयपुर एयर स्पेस में पहुंचने के बाद लैंडिंग में असफलता का सामना किया। सुबह 8:05 बजे जयपुर के एयर स्पेस में पहुंचने के बाद, पायलट ने 8:08 बजे लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन कुछ ही सेकंड में टेक ऑफ कर लिया।
इसके बाद लगभग आधे घंटे तक फ्लाइट ने एयर स्पेस में चक्कर लगाया और आखिरकार 8:40 बजे सफलतापूर्वक लैंडिंग की। दूसरी ओर, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1954, जो गुवाहाटी के लिए उड़ान भरने वाली थी, तकनीकी खराबी के कारण टेक ऑफ नहीं कर सकी।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर टेक ऑफ को कैंसिल किया और फ्लाइट को एप्रन में पार्क किया। तकनीकी समस्या को ठीक करने में तीन घंटे लगे, जिसके बाद फ्लाइट ने 11:12 बजे गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी। इस दौरान, कई पैसेंजर परेशान हुए, क्योंकि वे गुवाहाटी एयरपोर्ट से आगे की उड़ानें पकड़ने वाले थे।
इसके अलावा, अलायंस एयरलाइंस ने 22 दिन बाद जयपुर से कुल्लू के लिए अपनी फ्लाइट का संचालन फिर से शुरू किया है। यह सेवा पिछले महीने 21 अगस्त को बंद कर दी गई थी, लेकिन अब यात्रियों की सुविधा के लिए इसे फिर से चालू किया गया है।
