Udaipur: शहर के सेवाश्रम इलाके से बेहद हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, यहां एक साथ 19 कोबरा सांप देखे गए। कई तो एक साथ फन उठाए इधर उधर घूम रहे थे। यह दृश्य किसी जंगल का नहीं, बल्कि शहरी इलाके के बीच स्थित एक होटल का था। ये नजारा देखकर होटल प्रबंधन सहित सभी लोगों के होश उड़ गए।
कबाड़ से निकला झुंड
होटल के गार्डन में रखे कबाड़ के पीछे एक बड़े कोबरा के साथ उसके 18 बच्चे छुपे हुए थे। जब बच्चे कबाड़ के पीछे से बाहर आने लगे, तब इसकी सूचना वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर के विशेषज्ञ डॉ. चमन सिंह चौहान को दी गई। डॉ. चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कबाड़ हटाकर सांपों को देखा तो सामने 19 कोबरा सांपों का झुंड था।
क्या कहा एक्सपर्ट ने
डॉ. चौहान ने बताया कि कोबरा एक बार में 12 से 20 अंडे देते हैं और यहां पाए गए बच्चे अभी कुछ ही दिनों पहले अंडों से बाहर निकले होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि आमतौर पर बड़े कोबरा अपने बच्चों को नुकसान पहुंचा देते हैं लेकिन इस बार बड़े सांप ने अपने बच्चों का पूरा ध्यान रखा और सभी 18 बच्चे सुरक्षित मिले।
सभी सांपों का हुआ रेस्क्यू
सांपों को सुरक्षित पकड़कर रेस्क्यू किया गया और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। होटल प्रबंधन ने इस घटना को लेकर चिंता जताई लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी व्यक्ति इससे प्रभावित नहीं हुआ।
