180 किमी की रफ्तार और होटल जैसा आराम, जानें क्यों खास है भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
Vande Bharat Sleeper Train: बहुत जल्द देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन लॉन्च होने वाली है। माना जा रहा है कि अपनी स्पीड, आराम और सुरक्षा के चलते इसने एक ऐसी स्थिति बनाई है, जो लंबी दूरी के सफर की तस्वीर बदल सकती है। अत्याधुनिक तकनीक, आधुनिक स्लीपर कोच और यात्री-केंद्रित सुविधाओं से लैस यह ट्रेन नॉर्थ-ईस्ट और पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने जा रही है। आइए इसके बारे में जानते हैं।
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Jan 2, 2026, 02:10 PM IST
Vande Bharat Sleeper Train: भारतीय रेलवे एक बार फिर रेल यात्रा की परिभाषा बदलने की तैयारी में है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर आधिकारिक ऐलान हो चुका है। रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में बैठक के दौरान जानकारी दी कि इस ट्रेन के सभी ट्रायल, टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। जनवरी महीने में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक ट्रेन को गुवाहाटी-हावड़ा रूट पर हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्री के मुताबिक यह प्रोजेक्ट न सिर्फ भारतीय रेलवे बल्कि देश के यात्रियों के लिए भी एक बड़ा मील का पत्थर है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि साल 2026 भारतीय रेलवे के लिए सुधारों का साल होगा, जिसमें यात्रियों को केंद्र में रखकर कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। तो आइए, इसी बहाने जानते हैं वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के बारे में।
सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन से बदलेगा रात का सफर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को खासतौर पर ओवरनाइट यात्रा के लिए डिजाइन किया गया है। यह एक सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक रखी गई है। रेलवे का उद्देश्य है कि ट्रेन शाम के समय अपने सोर्स स्टेशन से रवाना हो और अगली सुबह गंतव्य तक पहुंचे। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुविधाजनक होगा। यह ट्रेन असम और पश्चिम बंगाल के कई अहम जिलों को सीधे जोड़ती है। असम में कामरूप मेट्रोपॉलिटन और बोंगाईगांव जबकि पश्चिम बंगाल में कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, मालदा, मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान, हुगली और हावड़ा जैसे जिलों को इससे सीधे फायदा मिलेगा। इससे नॉर्थ-ईस्ट और पूर्वी भारत की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कुछ ऐसी हैं ऊपर की सीट पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां (तस्वीर साभार: PIB)
स्लीपर ट्रेन का आधुनिक रूप
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पारंपरिक स्लीपर ट्रेनों से बिल्कुल अलग अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें थ्री-टियर एसी, टू-टियर एसी और एक फर्स्ट क्लास एसी कोच शामिल है। लगभग 823 यात्रियों की क्षमता वाली इस ट्रेन में बर्थ को एर्गोनॉमिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है ताकि लंबी रात की यात्रा में भी शरीर पर कम दबाव पड़े। रेल मंत्री ने बताया कि ट्रेन के लिए पूरी तरह नया बोगी डिजाइन किया गया है, जिसमें नया सस्पेंशन सिस्टम लगाया गया है। इससे झटकों में कमी आएगी और शोर भी कम होगा। अंदरूनी सीढ़ियां और इंटीरियर भी इस तरह डिजाइन किए गए हैं कि यात्रियों को चलने-फिरने में आसानी हो और सुरक्षा बनी रहे।
आधुनिक तकनीक के साथ सुरक्षा
सुरक्षा के मोर्चे पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को अत्याधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। इसमें कवच जैसी स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली लगाई गई है, जो किसी और ट्रेन से टक्कर की आशंका को कम करती है। इसके अलावा सभी कोच में CCTV कैमरे लगाए गए हैं ताकि यात्रियों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखी जा सके। आपात स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन मैनेजर या लोको पायलट से संपर्क कर सकें, इसके लिए इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट दी गई है। साथ ही इलेक्ट्रिकल कैबिनेट और शौचालयों में एरोसोल बेस्ड फायर फायर डिटेक्शन और अग्निशमन सिस्टम लगाया गया है, जो आग लगने की स्थिति में तुरंत सक्रिय हो जाती है।
लोको-पायलट या ट्रेन मैनेजर से बात करने के लिए होगी टॉक बैक यूनिट (चित्र साभार: PIB)
स्वच्छता, दिव्यांग सुविधा और आधुनिक ड्राइवर कैब
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में स्वच्छता को भी प्राथमिकता दी गई है। ट्रेन में डिसइंफेक्टेंट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है ताकि उच्च स्तर की साफ-सफाई बनी रहे। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यह ट्रेन अधिक समावेशी बन सके। ड्राइवर कैब को भी आधुनिक नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों से लैस किया गया है। ट्रेन का बाहरी स्वरूप एरोडायनामिक रखा गया है और ऑटोमैटिक बाहरी दरवाजे लगाए गए हैं, जो सेफ्टी और एनर्जी एफिशिएंसी दोनों में मदद करते हैं।
दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था (चित्र साभार: PIB)
सफर में स्वाद और संस्कृति का संगम
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को केवल तेज और सुरक्षित ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी खास बनाया गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों को क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया खानपान परोसा जाएगा, जबकि कोलकाता से रवाना होने वाली ट्रेन में पारंपरिक बंगाली व्यंजन मिलेंगे। इससे यात्रा केवल एक सफर नहीं बल्कि एक सांस्कृतिक अनुभव बन जाएगी।
भारतीय रेलवे के नए युग की शुरुआत
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के जरिए भारतीय रेलवे स्पीड, आराम और सुरक्षा को एक साथ जोड़ने की कोशिश कर रही है। यह ट्रेन यह संकेत देती है कि आने वाले सालों में रेलवे केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि आधुनिक और पैसेंजर-सेंट्रिक सर्विस के रूप में उभरेगा। नॉर्थ-ईस्ट और पूर्वी भारत के लिए यह परियोजना कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाली साबित हो सकती है। अब देखना ये होगा कि क्या यह ट्रेन भी इतने जतनों के बाद सामान्य वंदे भारत की तरह लोकप्रियता बना पाती है या नहीं।
