Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आज बड़े हंगामे होने के आसार हैं, जिसके कारण मुंबई पुलिस भी अलर्ट हो गई है। उद्धव गुट की शिवसेना के 6 सांसदों के बारे में दावा किया जा रहा है कि वो आज शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो जाएंगे। शिंदे गुट की शिवसेना और उद्धव गुट की शिवसेना, दोनों का आज स्थापना दिवस है, जिस मौके पर मुंबई में कार्यक्रम होने हैं, इन्हीं कार्यक्रम में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के 6 बागी सांसद शामिल हो सकते हैं।
अलर्ट पर मुंबई पुलिस (फोटो- PTI)
हिंसक टकराव की आशंका
मुंबई पुलिस को खुफिया इनपुट मिले हैं कि यदि स्थापना दिवस के दौरान सांसदों की बगावत की ये अटकलें सच साबित होती हैं, तो दोनों गुटों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखे विरोध-प्रदर्शन, जवाबी प्रदर्शन और सीधे तौर पर आमने-सामने की हिंसक स्थिति पैदा हो सकती है। इसे देखते हुए मुंबई पुलिस ने सभी आला अधिकारियों को जमीन पर मुस्तैद रहने, कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सख्त एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
गोरेगांव और सायन में शक्ति प्रदर्शन
गौरतलब है कि आज दोनों ही गुटों के स्थापना दिवस कार्यक्रम मुंबई के अलग-अलग इलाकों में होने जा रहे हैं। उद्धव गुट और शिंदे गुट के ये कार्यक्रम गोरेगांव और सायन में आयोजित होने वाले हैं, जहां दोनों पक्ष भारी भीड़ जुटाकर अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस की ओर से जारी विशेष एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि इन बड़े आयोजनों के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं। कुल मिलाकर, 6 सांसदों के इस मामले ने जहां उद्धव ठाकरे की चिंताएं बढ़ा दी हैं, वहीं मुंबई पुलिस को भी पूरी तरह से अलर्ट पर ला खड़ा किया है।
शिंदे गुट में कौन-कौन से सांसद जाएंगे?
उद्धव की पार्टी के 6 बागी सांसद नागेश आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, ओमप्रकाश राजेनिंबालकर और भाऊसाहेब वाकचौरे हैं। कहा जा रहा है कि सभी छह बागी सांसदों ने शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय की मांग करते हुए एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं और उसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि हालांकि, यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है क्योंकि माना जा रहा है कि अध्यक्ष कार्यालय को सत्यापन के लिए कुछ सांसदों की व्यक्तिगत उपस्थिति की जरूरत है और यह प्रक्रिया ’’आगामी दिनों में’’ पूरी होने की संभावना है।
