शहर

Haryana News: हरियाणा में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, पेंडिंग केसों की खुलेगी फाइल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 12, 2023, 12:02 PM IST

Haryana News: हरियाणा में जहरीली शराब के कारण पिछले 4 दिनों में 19 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद से हरियाणा पुलिस फूल एक्शन मोड में नजर आ रही है। हरियाणा पुलिस अवैध शराब के खिलाफ पूरे प्रदेश में छापेमारी कर रही है।

Image

अवैध शराब मामले में हरियाणा पुलिस कर रही है प्रदेशभर में छापेमारी

Haryana News: हरियाणा में अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। जहरीली शराब से हुई कई लोगों की मौत के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। अंबाला, यमुनानगर से लेकर सोनीपत तक में छापेमारी की जा रही है और अवैध शराब बेचने और बनाने वालों की गिरफ्तारी हो रही है।

इतना ही नहीं जहरीली शराब से लोगों की मौत के बाद अब 10 सालों के पेंडिंग केसों की फाइल्स को भी खोले जाने की बात सामने आई है। जहरीली शराब के इस गंभीर मामले पर पुलिस के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने प्रदेश के पुलिस के सभी सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक की और निर्देश जारी किए कि राज्य में अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के मामलों में ढिलाई न बर्दाश्त है।

अवैध शराब मामले में दर्ज किए गए 200 से अधिक केस

हरियाणा में चल रही जहरीली शराब की बिक्री के मामले में पुलिस पूरे प्रदेश में छापेमारी कर रही है। लगातार हो रही छापेमारी में पुलिस ने 203 केस दर्ज कर 194 तस्करों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने 5521 देसी शराब की बोतल, 48 अंग्रेजी शराब की बोतल, 1440 लीटर लाहन के साथ 183 कच्ची शराब की बोतलें बरामद की है।

आबकारी विभाग के अधिकार क्षेत्र में शराब ठेकों की चेकिंग

हरियाणा पुलिस के डीजीपी ने सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक में जहरीली शराब मामले पर चर्चा करते हुए बताया कि शराब के ठेकों की चेकिंग आबकारी विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। इसलिए पुलिस अधिकारी आबकारी विभाग के साथ समन्वय स्थापित करेंगे, ताकि शराब बेचने वाले ठेकेदारों को आगाह किया जा सके और उनसे खुर्दों की मासिक जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकें।

फिर खुलेंगी पेंडिंग फाइल्स

अवैध शराब मामले से अब पिछले 10 साल की पेंडिंग केसों की फाइलें खोली जाएगी। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 सालों में अवैध शराब के सेवन के कारण होने वाली मृत्यु के सभी आरोपियों को चिन्हित अपराध में शामिल करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अवैध शराब मामले में आईएमए को भी किया शामिल

डीजीपी की अध्यक्षता में जहरीली शराब के मामले में हुई बैठक में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) को भी शामिल किया। पुलिस अधिकारियों को आईएमए के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी। डीजीपी ने आईएमए को अस्पताल में अप्राकृतिक मौत या घटना के मामले आने पर पुलिस की सूचना देने को कहा।

जनता से की अपील

अवैध शराब बेचने वालों पर कार्यवाही करने के लिए पुलिस एक्शन मोड में तो है ही, इसके साथ ही अधिकारियों ने जनता से भी मदद मांगी है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अवैध खुर्दों और नकली शराब बनाने वाले के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article