शहर

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का बड़ा बयान, सुचित्रा देवी को अध्यक्ष नहीं बनाया इसलिए लगा रही हैं झूठे आरोप

हरियाणा कांग्रेस में टिकट को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पार्टी की एक महिला नेता सुचित्रा देवी और उनके पति ने कुछ वरिष्ठ नेताओं पर टिकट के बदले पैसे लेने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, कांग्रेस नेतृत्व ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है।

Image

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Haryana News: हरियाणा कांग्रेस की एक महिला नेता और उनके पति ने कांग्रेस के बड़े नेताओं पर टिकट के बदले पैसे लेने का बड़ा आरोप लगाया है। सुचित्रा देवी नाम की महिला और उनके पति गौरव कुमार ने कहा है कि पिछले विधानसभा चुनाव में वो हरियाणा के बावल विधानसभा सीट से टिकट मांग रही थी लेकिन इसके बदले में कई बड़े नेताओं ने उनसे पैसे लिए गए। गौरव कुमार ने कहा वो दलित परिवार से हैं और उनका परिवार पिछले 56 साल से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है लेकिन ना उनको टिकट दी गई और ना ही अब उनका पैसा वापस किया जा रहा है। सुचित्रा देवी ने यह भी कहा कि अब उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है अब वो कांग्रेस में नहीं रहना चाहती हैं हालांकि कांग्रेस इसे झूठ और गलत आरोप बताकर खारिज कर रही है।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने क्या?

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने टिकट के बदले पैसे लेने के आरोपों पर कहा कि, मेरे पास व्यक्तिगत रूप से कोई जानकारी नहीं है। हो सकता है वो महिला कांग्रेस से संबंध रखती हैं तो उन्होंने महिला कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा हो। जो आरोप लगे हैं, कांग्रेस में कभी यह कल्चर नहीं रहा है। मैं 30 साल से कांग्रेस में हूं, पार्टी का उम्मीदवार भी रहा हूं, ऐसा नहीं होता। उनको हो सकता है किसी और बात की निराशा हो इसलिए वो आरोप लगा रही हैं। आरोपों पर राव नरेंद्र ने ये भी कहा कि, मेरे पास व्यक्तिगत रूप से अभी तक कोई शिकायत नहीं है।

अध्यक्ष नहीं बनाने पर लगा रहीं आरोप

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे बताया कि, हो सकता है सुचित्रा देवी ने इस्तीफा भेजा हो लेकिन मेरे पास अभी तक इस्तीफा नहीं आया है। अगर इस्तीफा आएगा तो उसको स्वीकार कर लिया जाएगा। आरोपों में कोई सत्यता लगेगी तो उसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। मुझे लगता है कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। राव नरेंद्र सिंह ने सुचित्रा देवी पर पलटवार करते हुए कहा कि, अगर ऐसा है तो 1 साल से वो चुप क्यों बैठे थीं? जब हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति हो गई उसके बाद आरोप लगाया जा रहा है। वो खुद हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में थी उनको अध्यक्ष नहीं बनाया गया इसलिए अब वो ऐसे आरोप लगा रही हैं। वो हरियाणा कांग्रेस की महिला अध्यक्ष बनना चाहती थीं। उन्होंने मुझे भी संपर्क किया था और मैंने उनको कहा था कि यह पार्टी हाईकमान का फैसला है, जो जिम्मेदारी हाईकमान देगा वो निभानी पड़ेगी लेकिन इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article