शहर

हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटा कैंटर; मासूम समेत 3 की मौत

हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक आयशर कैंटर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में 8 महीने के मासूम समेत 3 लोगों को मौत हो गई और 2 लोग घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

हापुड़ में दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आयशर कैंटर बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसा इतना भयंकर था कि कैंटर में सवार 8 महीने के मासूम समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

गंगा एक्सप्रेसवे पर कहां हुआ हादसा

यह हादसा बहादुरगढ़ इलाके में गंगा एक्सप्रेसवे पर सदरपुर टोल प्लाजा से करीब 4 किलोमीटर आगे हुआ। जानकारी के अनुसार, आयशर कैंटर (UP 24 T 5723) बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव सकतीया सिंगवाली से पंजाब के लुधियाना जा रहा था। कैंटर में एक न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर और स्प्लेंडर बाइक लदी हुई थी। जब कैंटर देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर जखैड़ा रहमतपुर गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया। जिसके बाद कैंटर की सीधे डिवाइडर से भीषण टक्कर हो गई और वाहन पलट गया।

कैंटर में सवार लोग

कैंटर में 5 लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 8 महीने के अभिजीत, 28 वर्षीय श्रीदेवी पत्नी अभिषेक और 32 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी लालाराम के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 35 वर्षीय लालाराम और 30 वर्षीय अभिषेक शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही 112 पुलिस, बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव, सिंभावली थाना प्रभारी सुरेश कुमार और सीओ गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर में फंसे शवों को बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह वाहन की तेज रफ्तार मानी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!