शहर

ग्वालियर में धर्म छिपाकर शादी का आरोप, पत्नी को 10 लाख में बेचने की कोशिश का दावा; केस दर्ज

ग्वालियर में एक महिला ने आरोप लगाया है कि शख्स ने धर्म छिपाकर हिंदू नाम से उससे शादी की। बाद में उसकी असली पहचान सामने आई और उसके पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। महिला ने जबरन धर्म परिवर्तन, मारपीट करने और 10 लाख रुपये में बेचने की कोशिश का भी आरोप लगाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Image

ग्वालियर में धर्म छिपाकर शादी का आरोप, महिला की शिकायत पर केस दर्ज

Photo : Times Now Digital

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से धर्म छिपाकर शादी करने और कथित तौर पर पत्नी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति ने अपनी पहचान छिपाकर उससे शादी की। बाद में उसे पता चला कि उसका असली नाम अयूब खान है। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने उसे 10 लाख रुपये में बेचने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद महिला बजरंग दल के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहचान छिपाकर की शादी का आरोप

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन की रहने वाली है। उसने बताया कि करीब 15 साल पहले वह अपने चाचा के पास रहने ग्वालियर आई थी। मॉर्निंग वॉक के दौरान उसकी मुलाकात घासमंडी निवासी एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम बंटी कुशवाह बताया। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने शादी कर ली।

बेटी के जन्म के बाद सामने आई सच्चाई

महिला के अनुसार, शादी के करीब तीन साल बाद बेटी का जन्म हुआ। इसी दौरान जब पति का पिता उसे लेने के लिए आया, तब उसे पता चला कि उसके पति का असली नाम अयूब खान है और उसने अपनी धार्मिक पहचान छिपाई थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पहुंचने पर उसे यह भी पता चला कि अयूब पहले से शादीशुदा है और चार बच्चों का पिता है।

धर्म परिवर्तन और मारपीट का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया। उसने यह भी कहा कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। कुछ दिन पहले उसने कथित तौर पर पति को कुछ लोगों से 10 लाख रुपये में उसे बेचने की बात करते हुए सुना। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

बजरंग दल के साथ थाने पहुंची पीड़िता

घटना के बाद महिला ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। संगठन के कार्यकर्ता उसे लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पीड़िता की शिकायत सुनने के बाद पुलिस जांच के बाद कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दे रही थी। जिससे पीड़िता और बजरंग दल संतुष्ट नहीं हुए। जिसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी बंटी उर्फ अयूब खान के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article