Gurugram: दिल्ली-वडोदरा-मुंबई (डीवीएम) एक्सप्रेसवे का गुरुग्राम के सोहना से दौसा तक हिस्सा 12 फरवरी को शुरू होने जा रहा है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने का वाहन चालक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसके 220 किमी लंबे पहले खंड के शुरू होने के बाद वाहन 120 किमी की रफ्तार से फर्राटा भर सकेंगे। जिससे गुरुग्राम से दौसा तक की दूरी सिमटक के आधी हो जाएगी। अभी दौसा तक पहुंचने में करीब पांच घंटे का समय लगता है, लेकिन इस एक्सप्रेसवे से 2 घंटे में ही वाहन चालक दौसा पहुंच सकेंगे। इस एक्स्रपेसवे के शुरू होने पर रोजाना 25 से 30 हजार वाहन यहां से गुजरने का अनुमान है। हालांकि इस एक्सप्रेसवे पर सफर जितना आसान होगा, उतना ही महंगा भी।
दरअसल, इस एक्सप्रेसवे पर लगने वाले टोल की जो दरें सामने आ रही हैं, वह अब तक की देश की सबसे महंगी टोल दर होने वाली हैं। इसे एक्सप्रेसवे पर चलने के लिए कार चालकों को प्रति किलोमीटर 2.19 रुपये से लेकर 2.70 रुपये प्रति किलोमीटर टोल लगने की संभावना है। हालांकि अभी तक एनएचएआई द्वारा इसकी घोषणा नहीं की गई है, अभी अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं। एनएचएआई के परियोजना निदेशक मुदित गर्ग ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, टोल दरों में अभी भी संशोधन होने की संभावना है। शनिवार तक इस एक्सप्रेसवे पर टोल दरों की घोषणा कर दी जाएगी।
