Gurugram: साइबर सिटी गुरुग्राम इस समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड की चपेट में है। नए साल के पहले दिन से कोहरे और शीतलहर ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। सोमवार को साल और सप्ताह का पहला वीक डे होने के बाद भी घने कोहरे की वजह से सुबह सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। वाहन धुंध के कारण फोग लाइट में भी रेंगती नजर आई। वहीं दूसरी ओर भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी कोल्ड डे अलर्ट के बाद गुरुग्राम जिला प्रशासन ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों को शीतलहर से बचाव का सुझाव दिया है।
सड़क पर फैली घने धुंध की चादर
गुरुग्राम साल के पहले दिन से घने धुंध और कड़ाके की ठंड के चपेट में है। सोमवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। धुंध के कारण सूर्य देवता भी छिपे नजर आए। जिसकी वजह से दिन के तापमान में भी खास बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई। आज अधिकतम तापमान जहां 16 डिग्री रहने की उम्मीद है, वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आस-पास रह सकता है। वहीं, कल से कोल्ड वेव चलने की चेतावनी है। जिससे मंगलवार को अधिकतम तापमान जहां 16 डिग्री रह सकता है, वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के नीचे जा सकता है। इस कोल्ड डे अलर्ट को लेकर हरियाणा राज्य राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की एडवाइजरी जारी करते हुए गुरुग्राम डीसी निशांत कुमार यादव ने लोगों से सावधान रहकर शीतलहर आपदा से बचाव का आह्वान किया है।
