Namo Bharat RRTS Corridor: हरियाणा के एनसीआर इलाके में जल्द ही यात्रा का तरीका बदलने वाला है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा (Gurugram Faridabad Noida Metro) को जोड़ने वाले नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बना रहे हैं और इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत वाला यह कॉरिडोर ट्रैफिक और लंबे जाम की समस्या को काफी हद तक कम कर सकता है। अभी गुरुग्राम से नोएडा जाने में सड़क के रास्ते करीब 1.5 से 2 घंटे लगते हैं, लेकिन इस नए सिस्टम के शुरू होने के बाद यह सफर केवल 40 मिनट में पूरा हो सकेगा।
गुरुग्राम–नोएडा सफर अब सिर्फ 40 मिनट (Photo: AI Generated)
180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलेंगी नमो भारत ट्रेनें
वहीं, गुरुग्राम से फरीदाबाद की दूरी भी सिर्फ 20 मिनट में तय की जा सकेगी, जो अभी एक घंटे से ज्यादा समय लेती है। इस कॉरिडोर की सबसे खास बात इसकी तेज रफ्तार है। नमो भारत ट्रेनें करीब 180 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलेंगी और हर 5 से 7 मिनट में उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को इंतजार कम करना पड़ेगा और सफर ज्यादा आरामदायक होगा। साथ ही, दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
यह पूरा रूट करीब 64 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें से 52 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में आएगा।
बनेंगे कुल 18 आधुनिक स्टेशन
इस मार्ग पर कुल 18 आधुनिक स्टेशन बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट को ऐसे डिजाइन किया जाएगा कि एक ही ट्रैक पर तेज रफ्तार आरआरटीएस ट्रेन और लोकल मेट्रो दोनों चल सकें। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) इस योजना को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को इसकी विस्तृत रिपोर्ट जल्द तैयार करने के निर्देश दिए हैं। योजना के मुताबिक, इसका निर्माण 2026 के अंत तक शुरू हो सकता है और साल 2031 तक इसे चालू करने का लक्ष्य है। साफ शब्दों में अगर कहें तो यह कॉरिडोर एनसीआर में सफर को तेज, आसान और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
