शहर

डेटिंग ऐप पर दोस्ती...अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग का खेल, आगरा में हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

आगरा में एक फ्रॉड का नया पैंतरा खेलने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ये गैंग डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे वसूली करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था और फिर मिलने के बहाने बुलाकर ब्लैकमेल करता था। इस जाल में कई लोग फंस चुके हैं, जिसके बाद एक शख्स ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया।

डेटिंग ऐप पर युवकों से संपर्क करते थे आरोपी

आगरा पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप पर युवकों से संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान जगह या कमरे में बुलाया करते थे। आरोप है कि वहां उनके आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर डराया-धमकाया जाता था। आरोपी बदनामी का डर दिखाकर पीड़ितों से नकदी, मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए पैसे वसूलते थे।

मीडिया खबरों के मुताबिक, मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपियों ने कई लोगों को इसी तरह फंसाने की बात कबूल की है।

अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन दोस्ती करते समय सावधानी बरतें-पुलिस

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई लोग शर्म या बदनामी के डर से शिकायत दर्ज नहीं कराते थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से ऑनलाइन दोस्ती करते समय सावधानी बरतें और निजी जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही ऐसी किसी घटना का शिकार होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!