Greater Noida Villa Robbery: ग्रेटर नोएडा की वीआईपी और सुरक्षित मानी जाने वाली 'पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट' (Paramount Golf Foreste) सोसायटी से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सोसायटी के विला नंबर-126 के भीतर घुसकर चाकू से लैस एक बेखौफ बदमाश ने एक महिला और उनके मासूम बच्चों को बंधक बना लिया। आरोप है कि बदमाश ने महिला के साथ मारपीट की और बच्चों की गर्दन पर चाकू रखकर घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और भारी नगदी लूट ली। इस वारदात से पूरी सोसायटी और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
पति गए बाहर, महिला के कमरे में देर रात घुस आया अजनबी...आंख खुली तो खींचने लगा चेन, ग्रेटर नोएडा में 15 लाख की लूट
पति गए थे बेंगलुरु, महिला का मुंह बंद किया
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, विला नंबर-126 में अपर्णा राय अपनी फैमिली के साथ रहती हैं। उनके पति नितिन राय फिलहाल ऑफिस के काम से बेंगलुरु गए हुए हैं। घटना के वक्त अपर्णा ऊपर के कमरे में अपने दो बच्चों के साथ थीं, जबकि उनके बुजुर्ग सास-ससुर विला की नीचे वाली मंजिल पर मौजूद थे।
चाकू लेकर कमरे में घुसा बदमाश: इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश अचानक हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए अपर्णा के कमरे में दाखिल हो गया। महिला ने बताया कि जैसे ही उसकी आंख खुली एक चोर उसका मुंह बंद करने लगता है और गले से लेन चुराता है।
बच्चों को बनाया ढाल: आरोपी ने विरोध करने पर अपर्णा के साथ छीना झपटी की। जब महिला ने शोर मचाने की कोशिश की, तो बदमाश ने बच्चों की तरफ चाकू तान दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर पूरी तरह डरा दिया।
गले से चेन ले उड़ा, 'पिस्तौल' की धमकी
पीड़िता अपर्णा राय का आरोप है कि खौफजदा करने के बाद बदमाश ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के सारे कीमती आभूषण और नगदी अपने कब्जे में ले ली। इतना ही नहीं, उसने हैवानियत दिखाते हुए महिला के गले से सोने की चेन और हाथों में पहनी कीमती अंगूठियां भी जबरन छीन लीं। लूटे गए कुल सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है।
जाते-जाते दी धमकी: वारदात को अंजाम देकर भागते समय शातिर बदमाश ने महिला को डराते हुए कहा कि अगर इस घटना की जानकारी किसी को भी दी या शोर मचाया, तो उसके पास जेब में पिस्तौल भी है और वह पूरे परिवार को जान से मार देगा।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, मामले में सस्पेंस गहराया
सुबह घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्थानीय थाने की पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम डॉग स्क्वायड के साथ पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के विला पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोसायटी के एंट्री-एग्जिट गेट और विला के आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाश के रूट का पता लगाया जा सके। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि हाई-सिक्योरिटी विला के भीतर इस तरह एंट्री, प्रथम दृष्टया मामले को थोड़ा संदिग्ध भी बना रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
