Greater Noida Accident: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इकोविलेज 2 सोसायटी में आज यानी शुक्रवार 21 नवंबर की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखे को मिला। यहां एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी वृंदावन अस्पताल में ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है और फैसिलिटी मैनेजर के अनुसार तीनों अब खतरे से बाहर हैं।
नोएडा में भी एक्सीटेंड करके भाग रहा था शख्स
सुपरटेक इकोविलेज 2 सोसायटी के फैसिलिटी मैनेजर अजीम ने इस संबंध में Timesnowhindi.com से बात करते हुए बताया हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार चलाने वाला युवक सोसायटी के ही सी-3 टावर का निवासी है। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने वाला शख्स यहां से पहले नोएडा में पर्थला के आसपास किसी गाड़ी को टक्कर मारने के बाद भाग रहा था। जबकि जिस गाड़ी को उसने पर्थला के पास टक्कर मारी थी, वह उसका पीछा कर रहा था।पीछा कर रहे शख्स से बचने के लिए यह शख्स तेज रफ्तार में गाड़ी चलाता हुआ सुपरटेक इकोविलेज 2 सोसायटी में पहुंचा। उसने पहले गेट नंबर 3 से सोसायटी में प्रवेश किया और फिर तुरंत ही दूसरी तरफ से बाहर निकल गया। इसके बाद, उसने गेट नंबर 2 से फिर एंट्री की और तेज रफ्तार के कारण सीधे रैंप से जा टकराया। यहां पर हाउस कीपिंग से जुड़े लोग बैठे हुए थे, जो इस हादसे में घायल हो गए। फैसिलिटी की तरफ से जारी बयान ने कहा गया है कि ऐसा लग रहा है, टक्कर मारने वाला शख्स नशे में था।
घायलों का इलाज जारी
फैसिलिटी मैनेजर अजीम ने आगे बताया कि इस हादसे में सोसायटी के तीन हाउसकीपिंग स्टाफ कार की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए शाहबेरी स्थित वृंदावन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले वाहन शख्स को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे थाने ले जाया गया है।
