Greater Noida Lift Free Fall: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एम्स ग्रीन सोसाइटी में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एच टावर की लिफ्ट अचानक छठी मंजिल से फ्री फॉल होकर सीधे बेसमेंट में जाकर रुकी। इस दौरान लिफ्ट के अंदर दो लोग मौजूद थे। अचानक लिफ्ट के गिरने से दोनों घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए नीचे लेट गए। इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों ने मेंटनेंस ऑफिस जाकर विरोध जताया।
खराब लिफ्ट के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
सोसाइटी के एच टावर के निवासी विकास तोमर और गिरीश ने घटना के दौरान लिफ्ट में सवार थे। उन्होंने बताया कि वे छठी मंजिल से नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे। इस घटना के बाद दोनों किसी तरह लिफ्ट से बाहर निकले और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सोसाइटी निवासियों से बातचीत की। स्थानीय लोगों ने मेंटेनेंस ऑफिस पर जाकर जोरदार विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि एच टावर की लिफ्ट कई दिनों से खराब थी और इसे ठीक कराने के लिए लगातार बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मेंटनेंस टीम और बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
इस लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो सकता था। सोसाइटी के निवासियों ने मेंटेनेंस टीम और बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने सोसाइटी में रह रहे लोगों के बीच लिफ्ट की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
