Giriraj Singh Bihar Begusarai Modi 3.0 Cabinet: नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ कई अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली है। इस लिस्ट में बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से दूसरी बार सांसद गिरिराज सिंह को भी जगह मिली है। गिरिराज सिंह ने केंद्रीय मंत्री पद की शपथ ली है। बता दें कि यह लगातार दूसरी बार है जब बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह को मोदी कैबिनेट में जगह मिली है।
बेगूसराय से लगातार दूसरी जीत
बता दें कि भाजपा ने बेगूसराय से लगातार दूसरी बार गिरिराज सिंह को टिकट दिया था। उनका मुकाबला सीपीआई के अवधेश राय से हुआ था और दोनों के बीच काफी कड़ी टक्कर देखने को मिली थी, लेकिन अंत में गिरिराज सिंह ने बाजी मार ली और सीपीआई के उम्मीदवार को पटखनी देते हुए बेगूसराय से दूसरी बार जीत दर्ज की थी।
बेगूसराय को लगातार दूसरी बार प्रतिनिधित्व
गिरिराज सिंह ने 2019 में बेगूसराय लोकसभा सीट से सीपीआई के कन्हैया कुमार को हराया था, जिसके बाद उन्हें केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री बनाया था। इस बार भी उन्होंने बेगूसराय की जीत बरकरार रखी, जिसका तोहफा उन्हें मिला और केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री बने हैं। बेगूसराय के लिए यह गर्व का विषय है कि लगातार दूसरी बार इस सीट से जीते हुए सांसद को मंत्री बनाया गया है।
गिरिराज सिंह का राजनीतिक सफर
बता दें कि गिरिराज सिंह के पास मंत्रालय का अच्छा खासा अनुभव है। वह बिहार सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं और केंद्र में भी राज्य मंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक की भूमिका निभा चुके हैं। गिरिराज सिंह बिहार सरकार में 2008 से 2010 तक सहकारिता मंत्री रहे थे। इसके साथ ही 2010 से 2013 तक पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार ने गिरिराज सिंह को 2017 में पहली बार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेवारी सौंपी थी। इसके बाद मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में गिरिराज सिंह को कैबिनेट मंत्री का पद मिला और वह पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री बने थे।
