शहर

गाजियाबाद : वसुंधरा में भीषण आग, 12 झुग्गियां और 4 कार जलकर राख; LN Electronics में भी उठीं लपटें

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा सेक्टर-3 इलाके में शुक्रवार को झुग्गियों में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। हादसे में 4 कार जलकर राख हो गई हैं।

Image

गाजियाबाद के वसुंधरा में लगी भीषण आग

गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-3 इलाके में शुक्रवार को झुग्गियों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 12 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग की लपटों और धुएं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान कई गैस सिलेंडर में विस्फोट भी हुए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, इधर, एनएच-24 से सटी LN Electronics कंपनी में भीषण आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही झुग्गियों में रखे सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। करीब 20 मिनट तक लगातार सिलेंडर ब्लास्ट होते रहे। सूचना मिलते ही फायर विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग ने सड़क किनारे खड़ी 4 कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते कई अन्य वाहनों और आसपास की झोपड़ियों को सुरक्षित बचा लिया।

4 से 5 सिलेंडर फटने की आई आवाज

फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटना में 4 से 5 सिलेंडर फटे हैं, जबकि 7 सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सीएफओ Rahul Pal ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

LN Electronics कंपनी में भीषण आग

इधर, एनएच-24 से सटी LN Electronics कंपनी में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कंपनी की CNC मशीन में ओवरहीटिंग/हिट होने के बाद आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने के लिए बुलाई गई हैं। बताया जा रहा है कि कंपनी में पंखे और लाइट बनाने का काम होता है। आग इतनी भयावह है कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन अब तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। एहतियात के तौर पर एल एन इलेक्ट्रॉनिक से सटी आसपास की कंपनियों को भी खाली कराया जा रहा है। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। दमकल की 20 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंची।

मिली जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी CNC मशीन के अत्यधिक गर्म होने के चलते आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पंखे और लाइट उपकरण बनाने का कार्य किया जाता है। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की करीब 25 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। इसके अलावा हाइड्रोलिक फायर वाहन भी बुलाया गया। साहिबाबाद, वैशाली, घंटाघर कोतवाली समेत पास के जिले नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां राहत कार्य में शामिल की गईं। करीब तीन घंटे तक लगातार आग बुझाने का अभियान चलता रहा और फैक्ट्री के बैक एरिया से भी फायर फाइटिंग शुरू की गई।

मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। दमकल कर्मियों ने करीब 17 हौज पाइप एक साथ फैलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि आग पर जल्द ही पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल विभाग और प्रशासनिक टीमें आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article